वार्ड 52 के रहवासियों ने नगर निगम में सौंपा ज्ञापन

Jul 14 2026

ग्वालियर। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 52 स्थित बाबूजी की बगिया के रहवासियों ने मंगलवार को नगर निगम की जनसुनवाई में पहुंचकर अपर आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए नाला एवं सीसी रोड निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की। रहवासियों का कहना है कि करीब दो महीने पहले क्षेत्र में नाला और सीसी रोड निर्माण के लिए विधिवत भूमिपूजन किया गया था, लेकिन इसके बाद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि निर्माण कार्य में हो रही देरी के कारण क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान जलभराव, कीचड़ और आवागमन में कठिनाई से लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। कई बार संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जनसुनवाई के दौरान अपर आयुक्त ने रहवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभाग के अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि नाला एवं सीसी रोड निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। रहवासियों ने उम्मीद जताई कि नगर निगम प्रशासन अपने आश्वासन पर अमल करते हुए शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कराएगा और वर्षों से चली आ रही मूलभूत सुविधाओं की समस्या का समाधान होगा।