ब्राह्मण अंतर्राष्ट्रीय संगठन ट्रस्ट की प्रदेश सचिव बनीं सरोज जोशी

Jul 09 2026

ग्वालियर। ब्राह्मण अंतर्राष्ट्रीय संगठन ट्रस्ट (पंजी.) की महिला इकाई को नया नेतृत्व मिला है। संगठन के प्रदेश प्रभारी राजीव शर्मा ने समाजसेवी सरोज जोशी (भिंड) को महिला संगठन का प्रदेश सचिव मनोनीत किया है। उन्होंने कहा कि सरोज जोशी के अनुभव, सक्रियता और संगठनात्मक कार्यशैली से महिला संगठन को प्रदेश स्तर पर मजबूती मिलेगी तथा सामाजिक गतिविधियों का विस्तार होगा। नियुक्ति के बाद सरोज जोशी ने संगठन के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगी। उनका प्रयास रहेगा कि ब्राह्मण समाज को अधिक संगठित किया जाए, महिलाओं और युवाओं की संगठन में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि संगठन के माध्यम से सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति और पारिवारिक संस्कारों के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए प्रदेशभर में जनजागरण और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समाज में सेवा, समरसता और एकजुटता की भावना को मजबूत करने के साथ जरूरतमंदों के हित में भी कार्य किए जाएंगे। सरोज जोशी की नियुक्ति पर संगठन के पदाधिकारियों और समाज के लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में महिला संगठन नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगा और ब्राह्मण समाज के साथ-साथ सनातन धर्म की मजबूती की दिशा में उल्लेखनीय योगदान देगा।