गायक, संगीतकार एवं अभिनेता पीयूष मिश्रा करेंगे ‘सफलता के साक्षी’ पुस्तक का विमोचन

Jul 09 2026

ग्वालियर। ग्वालियर की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाले एक विशेष आयोजन के अंतर्गत पत्रकार एवं समाजसेवी डॉ. केशव पांडेय की प्रेरणादायी पुस्तक ‘सफलता के साक्षी’ का  विमोचन समारोह सोमवार 13 जुलाई को सायं 5 बजे शीतला सहाय सभागार कैंसर हॉस्पिटल में आयोजित किया जाएगा।
समारोह के मुख्य अतिथि ग्वालियर की माटी से जुड़े बॉलीवुड के सुप्रसिद्ध गायक, संगीतकार एवं अभिनेता पीयूष मिश्रा होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार एवं अखिल भारतीय साहित्य परिषद के पूर्व संगठन मंत्री श्रीधर पराडक़र करेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में कैंसर हॉस्पिटल एवं शोध संस्थान के निदेशक डॉ बीआर श्रीवास्तव मौजूद रहेंगे।
डॉ. केशव पांडेय ने बताया कि ‘सफलता के साक्षी’ केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि संघर्ष, संवेदना और सामाजिक सहयोग की जीवंत गाथाओं का दस्तावेज है। इसमें समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े 137 ऐसे व्यक्तियों के प्रेरक जीवन प्रसंग संकलित किए गए हैं, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों, अभावों और कठिन संघर्षों के बीच समाज के सहयोग से अपने जीवन को नई दिशा दी तथा सफलता का नया अध्याय लिखा। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक इस बात का सशक्त प्रमाण है कि यदि समाज साथ खड़ा हो तो हार को भी जीत में बदला जा सकता है। पुस्तक की प्रत्येक कहानी पाठकों को सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश देती है। आयोजकों ने संगीत, साहित्य, कला और संस्कृति की समृद्ध नगरी ग्वालियर के नागरिकों से इस ऐतिहासिक साहित्यिक संध्या में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर प्रेरणा, संवेदना और सामाजिक सरोकारों से जुड़े इस विशेष अवसर के साक्षी बनने की विनम्र अपील की है।