तेज रफ्तार टेंपो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, टेंपो चालक पकड़ा

Jul 09 2026

ग्वालियर। टाटीपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार टेंपो की टक्कर से बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक रोज की तरह नौकरी पर जा रहा था, तभी पीछे से आए टेंपो ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। पुलिस ने टेंपो चालक को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 
जानकारी के अनुसार सचिन माहौर पुत्र लायक राम माहौर गुरुवार सुबह करीब 8 बजे अपनी बाइक क्रमांक एमपी 07 एएफ 9763 से रोज की तरह ड्यूटी के लिए एक निजी कैफे जा रहा था। वह टाटीपुर थाना क्षेत्र स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचा ही था कि पीछे से तेज रफ्तार में आए टेंपो क्रमांक एमपी 07 आरए 1244 ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सचिन बाइक से करीब 10 फीट दूर उछलकर सडक़ पर सिर के बल जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने टेंपो चालक को मौके से भागने नहीं दिया और उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस भी मौके पर पहुंच गए। घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि सचिन एक निजी कैफे में कार्यरत था और रोज की तरह सुबह घर से काम पर निकला था। उसकी शादी की बातचीत चल रही थी और परिवार जल्द ही विवाह की तैयारी करने वाला था। लेकिन सडक़ हादसे ने परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल दीं। युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही टाटीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टेंपो जब्त कर चालक को पकड़ लिया है। प्रारंभिक जांच के आधार पर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। वहीं, इस दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।