पार्षद के जाति प्रमाण पत्र की जांच करवाकर जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटवाएं

Jul 08 2026

भितरवार। फर्जी तरीके से अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र बनवाकर पार्षद बने जितेंद्र सिंह के परिवार द्वारा सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटवाएं उक्त पार्षद राजपूत समाज से है। यह बात कांग्रेस नेता गुलाब सिंह रावत ने एसडीएम राजीव समाधिया से कही। बुधवार को कांग्रेस नेता गुलाब सिंह रावत कुछ लोगों के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने एसडीएम राजीव समाधिया को कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
 जिसमें उन्होंने उल्लेख किया कि वार्ड क्रमांक 5 के भाजपा पार्षद जितेंद्र सिंह परिहार राजपूत समाज से आते हैं इनके पिता का नाम राजा सिंह परिहार एवं मां का नाम प्रेमाबाई परिहार है। यह ग्राम सिला जिला बांदा उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। यह पार्षद अनुसूचित जाति की श्रेणी में शामिल नहीं हैं। उन्होंने ज्ञापन में बताया कि पार्षद जितेंद्र सिंह परिहार ने फर्जी तरीके से अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र बनवाया है। इस जाति प्रमाण पत्र के आधार पर पार्षद द्वारा आए दिन लोगों को डराने एवं हरिजन एक्ट की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताडि़त किया जाता है। पार्षद का किस आधार पर अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र जारी किया गया है। इसकी गंभीरता से जांच की जाना चाहिए। 
वहीं कांग्रेस नेता श्री रावत ने ज्ञापन में कहा कि भाजपा पार्षद के परिजन लल्लू सिंह परिहार द्वारा वार्ड क्रमांक 5 में स्टेडियम के पास राजस्व रिकार्ड में अंकित गौ शाला के लिए आरक्षित शासकीय भूमि सर्वे क्रमांक 3 ( ह्य ) रकबा 2. 1200 पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर लिया है। जिसे मुक्त कराया जाए। जिससे उक्त भूमि गौवंश के उपयोग के लिए प्रयुक्त की जा सके। वहीं उन्होंने कहा कि पार्षद के परिजन लल्लू सिंह परिहार द्वारा नगर के कार्ड क्रमांक 9 मेन रोड पर करोड़ों की शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर दुकानें निर्माण कर ली हैं। जो अवैध हैं जिन्हें तुड़वाकर अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए। कांग्रेस नेता श्री रावत ने ज्ञापन में चेतावनी देते हुए कहा कि पार्षद के फर्जी एससी प्रमाण पत्र की जांच और शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को लेकर तीन दिवस में कोई कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदर्शन किया जाएगा।