वन महोत्सव एवं सामुदायिक भोजन कार्यक्रम आयोजित

Jul 08 2026

ग्वालियर। पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-1 के प्राथमिक विभाग द्वारा  8 जुलाई को वन महोत्सव एवं सामुदायिक भोजन (कम्युनिटी लंच) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा स्वस्थ जीवनशैली एवं सामूहिकता की भावना को बढ़ावा देना था। कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के पौधे एवं पौध-नमूने विद्यालय में लाकर कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई। विद्यालय परिसर में शिक्षकों के मार्गदर्शन में पौधारोपण किया गया। विद्यार्थियों को वृक्षों के महत्व, पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। सभी विद्यार्थियों ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प भी लिया।
इसी अवसर पर कक्षाओं में सामुदायिक भोजन का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपने घर से लाया हुआ पौष्टिक एवं स्वास्थ्यवर्धक भोजन आपस में साझा किया। इस गतिविधि के माध्यम से सहयोग, समानता, मित्रता एवं साझा करने की भावना का विकास हुआ। साथ ही विद्यार्थियों ने भोजन की बर्बादी न करने तथा भोजन के उपरांत अपनी कक्षा एवं आसपास के परिसर को स्वच्छ रखने का संदेश भी अपनाया। यह कार्यक्रम प्रधानाध्यापिका डॉ. भारती यादव के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। ईको क्लब प्रभारी श्रीमती आरती बाथम तथा माली शिशुपाल का पौधारोपण कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष योगदान रहा। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं आनंददायक रहा तथा सभी ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।