आज लगाया पौधा कल समाज का सहारा बनेगा: सोनू गतवार

Jul 08 2026

ग्वालियर। श्रीश्री 1008 रविशंकर महाराज (रावतपुरा सरकार) के पावन जन्मोत्सव के अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी सोनू गतवार की पहल और नेतृत्व में एक वृक्ष आने वाली पीढ़ी के नाम अभियान के तहत 500 पौधों का वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान 51 हजार रुपए के लोककल्याण संकल्प का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, समाजसेवियों और युवाओं ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
सोनू गतवार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया, ताकि आज लगाया गया पौधा आने वाले समय में विशाल वृक्ष बनकर समाज और प्रकृति की सेवा कर सके। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। वे शुद्ध प्राणवायु, छाया, फल, औषधियां, वर्षा और स्वच्छ पर्यावरण प्रदान करते हैं। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए। 
सोनू गतवार ने कहा कि रावतपुरा सरकार के सेवा, संस्कार और मानव कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का सबसे प्रभावी माध्यम प्रकृति और समाज की सेवा है। इसी उद्देश्य से 51 हजार रुपए के लोककल्याण संकल्प की शुरुआत की गई है, जिसके माध्यम से समाज सेवा, जनहित और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों को गति दी जाएगी। वक्ताओं ने कहा कि रावतपुरा सरकार का संपूर्ण जीवन सेवा, साधना, राष्ट्रभक्ति और मानवता के उत्थान के लिए समर्पित रहा है। उनके आदर्शों का अनुसरण करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धा है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सामूहिक संकल्प लिया-एक वृक्ष आने वाली पीढ़ी के नाम, एक वृक्ष-एक जीवन, एक संकल्प-एक उज्ज्वल भविष्य। सोनू गतवार ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोडक़र पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाया जाएगा। इस अवसर पर परशुराम यादव राधाकृष्ण कंस्ट्रक्शन, राधारमण शर्मा, पप्पू पुजारी, लला यादव माधोपुरा, रविशंकर मामा सहित अनेक समाजसेवी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।