बारिश से मौसम हुआ सुहाना,गर्मी-उमस से मिली राहत

Jul 08 2026

ग्वालियर। बुधवार सुबह हल्की फुहारों के साथ मौसम का मिजाज बदल गया। बारिश और ठंडी हवा से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में तेज बारिश की संभावना जताई है, जिससे तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं। बीते दिन दिनभर आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन उमस भरी गर्मी बनी रही। शाम होते-होते मौसम ने करवट ली और शहर के विभिन्न हिस्सों में झमाझम बारिश शुरू हो गई। रात में भी रुक-रुक कर वर्षा का दौर जारी रहा, जिससे मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया।  मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में करीब दो घंटे तक हुई हल्की और तेज बारिश के दौरान 12.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को लंबे समय से पड़ रही गर्मी व उमस से राहत मिली। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि ग्वालियर और आसपास के क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश होने की भी संभावना है, जिससे मौसम और अधिक सुहावना होने के साथ तापमान में और कमी आ सकती है।