बाबू जगजीवन राम की पुण्यतिथि पर सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा आयोजित

Jul 07 2026

ग्वालियर। भारत के पूर्व उपप्रधानमंत्री, प्रखर समाज सुधारक एवं समतावाद के पुरोधा बाबू जगजीवन राम की 40वीं पुण्यतिथि पर समता पार्क फूलबाग स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं समतावादी संगठनों के प्रतिनिधियों ने श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा दो मिनट का मौन रखकर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।
सभा को संबोधित करते हुए ग्वालियर विधायक डॉ. सतीश सिकरवार, सांसद भारत सिंह कुशवाह, पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल, भारतीय दलित वर्ग संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुधीर मंडेलिया, प्रदेश उपाध्यक्ष महेश मंदरिया, डॉ. हरीश चंद्र पिपरिया, बृजेश ठाकुर, पार्षद गायत्री मंडेलिया, पार्षद केदार बराहदिया, प्रमोद खरे, रेखा जाटव, राजेन्द्र जाटव एवं संदीप यादव सहित अन्य वक्ताओं ने बाबू जगजीवन राम के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि बाबू जगजीवन राम सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों के सशक्त प्रहरी थे। उन्होंने दलितों, शोषितों एवं वंचित वर्ग के उत्थान के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनके विचार आज भी समाज को समरसता, समान अवसर और सामाजिक न्याय की दिशा में प्रेरित करते हैं। वक्ताओं ने उन्हें भारत में हरित क्रांति के प्रमुख जनकों में से एक बताते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से चन्द्रभान मंडेलिया, डॉ. रामप्रकाश मंडेलिया, पूर्व पार्षद शिवराज जाटव, पूर्व पार्षद फुलेलाल जाटिया, कमलेश रोजिया, अशोक सुमन, असलम खान, कृपाराम मंडेलिया, जसवंत रोजगार, भोगीराम माहौर, दयाशंकर खटीक, सुरेश बाजपेयी, देवानंद एहवार, विजय सिंह पाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि सभा का आयोजन सामाजिक समरसता और बाबू जगजीवन राम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया, जिसमें सभी उपस्थितजनों ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।