हुनर बना पहचान, समर कैंप ने बच्चों को दी नई उड़ान

Jul 05 2026

ग्वालियर। छुट्टियों को रचनात्मक सीख और हुनर से जोडऩे के उद्देश्य से पटेल नगर स्थित संस्कार दीप विद्या मंदिर में आयोजित एक माह का समर कैंप रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। सहारा सोशल वेलफेयर सोसाइटी के सहयोग से आयोजित कैंप में बच्चों ने सिलाई, मेहंदी, ड्राइंग और सिंगिंग जैसी विधाओं का प्रशिक्षण प्राप्त कर अपनी प्रतिभा को निखारा। समापन समारोह में बच्चों ने मंच पर अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से सीखे हुए कौशल का प्रदर्शन किया, जिसे अभिभावकों और अतिथियों ने खूब सराहा। डॉ. प्रतिभा चतुर्वेदी ने कहा कि शिक्षा तभी सार्थक होती है, जब उसके साथ संस्कार और कौशल का समन्वय हो। उन्होंने कहा कि हुनर व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाता है और विशेष रूप से महिलाएं अपने कौशल के बल पर परिवार के साथ समाज को भी सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। 
कैंप में निशा नामदेव ने सिलाई, मंजू शर्मा ने ड्राइंग एवं सिंगिंग तथा संध्या माथुर ने मेहंदी कला का प्रशिक्षण दिया। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। दीप्ति शर्मा ने बच्चों को स्टेशनरी सामग्री वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम का संचालन अनीता सक्सेना ने किया, जबकि संध्या माथुर ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सुमन शर्मा, डॉ. राजरानी शर्मा, निर्मला शर्मा, पल्लवी शर्मा, नीतू उपमन्यु, मनीषा शर्मा, मंजू शर्मा, निर्दोष तोमर सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।