लडक़ी के पिता-चाचा ने युवक को पीटा,चाकू भी मारा

Jul 04 2026

ग्वालियर। एक युवक को लडक़ी से लिफ्ट मांगना भारी पड़ गया। युवती के साथ युवक को गाड़ी पर बैठा देख उसके पिता और चाचा का खून खौल उठा। दोनों ने सरेआम युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी और पेट में चाकू घोंपने की कोशिश की। युवक ऐन वक्त पर पीछे हट गया, जिससे चाकू उसके पेट की जगह कलाई में लगा। जब बुजुर्ग पिता अपने बेटे को बचाने आया, तो आरोपियों ने उन्हें भी जमीन पर पटक-पटक कर लहूलुहान कर दिया। मामला आंतरी थाना क्षेत्र के ग्राम पुरी का है। पुलिस ने हमलावर लडक़ी के चाचा-पिता पर मामला दर्ज कर लिया है।
 पीडि़त गोलू सेन निवासी ग्राम पुरी में ही हेयर कटिंग सैलून चलाता है। विगत रात करीब 8:30 बजे वह अपनी दुकान पर काम कर रहा था। तभी पड़ोस में रहने वाले बलदेव कुशवाह और चंदन कुशवाह वहां आ धमके। दोनों ने आते ही गोलू को गालियां देना शुरू कर दिया और लात-घूंसों से उसकी पिटाई कर दी। दोनों ने उसे दुकान से घसीटकर बाहर सडक़ पर लाकर सरेआम पीटा। इसी बीच चंदन ने जेब से चाकू निकाला और गोलू के पेट पर वार कर दिया। गोलू ने तेजी से खुद को बचाया, जिससे चाकू उसकी कलाई को चीरता हुआ निकल गया।
दुकान पर चीख-पुकार सुनकर गोलू के पिता बुद्धाराम सेन मौके पर भागे-भागे आए। उन्होंने जब बेटे को खून से लथपथ देखा तो आरोपियों से उसे बचाने की कोशिश की। इस पर आरोपी और हिंसक हो गए। उन्होंने बुजुर्ग बुद्धाराम को जमीन पर पटका और लाठियों-घूंसों से उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले।
दरअसल, विगत रोज आरोपी की बेटी एक्टिवा लेकर मार्केट जा रही थी। गोलू को भी किसी काम से बाजार जाना था, तो उसने युवती से लिफ्ट मांग ली और उसके साथ बैठ गया। रास्ते में युवती के पिता बलदेव और चाचा चंदन ने दोनों को साथ देख लिया था। इसी बात का बदला लेने के लिए उन्होंने रात में सैलून पर हमला किया।
आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया है। वारदात के बाद से ही दोनों आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही दोनों को पकड़ लिया जाएगा।