पहले कॉलर पकडक़र वसूला जाता था गब्बर टैक्स:बलदेव अग्रवाल

Jul 03 2026

भितरवार। कथित गब्बर टैक्स को लेकर नगर का राजनैतिक माहौल गर्मा गया है। स्थानीय निकाय द्वारा प्लाट नामांतरण पर लगाए गए टैक्स को देखते हुए सत्ता पक्ष और विपक्ष में मतभेद नजर आए हैं। नगर परिषद उपाध्यक्ष मन्नू यादव द्वारा इस टैक्स को गब्बर टैक्स की संज्ञा देते हुए इसका विरोध और लगाए गए आरोपों के बाद निकाय में काफी खलबली मची गई।
गब्बर टैक्स को लेकर नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल ने पूर्व नगर परिषद अध्यक्षों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पहले लोगों की कॉलर पकडक़र वसूला जाता था गब्बर टैक्स मेरे कार्यकाल में गुंडागर्दी बंद हुई है। वहीं अध्यक्ष के बयान पर पलटवार करते हुए पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष पति बीनू पटेल ने कहा कि नगर में अगर किसी का गिरेवा पकडक़र या पैसा लेकर नामांतरण किया हो तो बताए बगैर तथ्य के न बोलें बजनदारी दिखाएं। उल्लेखनीय है कि नगर परिषद द्वारा प्लाट के नामांतरण पर कुछ राशि वसूलने का प्रावधान किया गया है।
कुछ लोगों को 15 रुपए वर्ग फीट के हिसाब से राशि वसूलने के नोटिस निकाय द्वारा जारी कर दिए गए। जिसका विरोध करते हुए नगर परिषद उपाध्यक्ष मन्नू यादव ने कहा था कि हम ऐसे गब्बर टैक्स को नहीं वसूलने देगें। नगर की जनता पर किसी प्रकार का आर्थिक बोझ नहीं आने देगें। वहीं उनकी इस बात के बाद अगले रोज हुई नगर परिषद की बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल ने कहा कि प्लॉट के नामांतरण पर 15 रुपए वर्ग मीटर राशि वसूलने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि त्रुटि से 15 रुपए वर्ग फीट हो गया था। अध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि परिषद नगर की जनता पर किसी प्रकार का आर्थक बोझ नहीं डालेगी। वहीं बैठक के बाद अध्यक्ष श्री अग्रवाल ने पूर्व नगर परिषद अध्यक्षों पर निशाना साधते हुए बयान देकर सनसनी फैला दी। उन्होंने कहा कि पहले शासन चुंगी क्षति पूर्ति प्रदान करता था। इसके बाद भी गब्बर टैक्स के रूप में पहले नगर पालिका द्वारा काफी लंबे समय तक वो टैक्स क्षेत्रवासियों की कॉलर गिरेवा वसूला गया है। 500 और 1000 हजार रुपए की अवैध वसूली होती थी। जिसे हमने बंद करवा दिया। श्री अग्रवाल ने कहा कि गब्बर टैक्स की तो कोई बात न करे। गुंडागर्दी होती थी,वसूली होती थी, दलाली होती थी हमने बंद कराई। वहीं उन्होंने कहा कि प्लाट के नामांतरण पर 15 वर्ग मीटर का प्रावधान है 15 वर्ग फीट का नहीं। वहीं अध्यक्ष श्री अग्रवाल पर पलटवार करते हुए पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष पति बीनू पटेल ने कहा कि वर्तमान अध्यक्ष को में चैलेंज करता हूं कि वो अवैध वसूली का एक सबूत लाकर दें। नगर में किसी का गिरेवा पकडक़र या पैसा लेकर प्लाट का नामांतरण किया हो तो सबूत बताएं बगैर तथ्य के बोलने से यह साबित होता है कि अध्यक्ष में दो परसेंट भी बजनदारी नहीं हैं। वहीं श्री पटेल ने नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल को अभी तक का सबसे फेल्यूयर अध्यक्ष बताया। और कहा कि इस बात का जवाब जनता खुद देगी कितना विकास किया है।