सिख फोरम ने राहगीरों को बांटा लंगर,5000 से अधिक संगत ने ग्रहण किया प्रसाद

Jul 03 2026

ग्वालियर। सिखों के छठवें गुरु, जाहो-जलाल के प्रतीक गुरु हरगोबिंद साहिब महाराज के पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में ‘सिख फोरम ग्वालियर’ की ओर से एक विशाल लंगर वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ग्वालियर के मुख्य प्रवेश द्वार स्थित दाताबंदी छोड़ पुरानी छावनी द्वार पर आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 11 बजे गुरु चरणों में पूरे विधि-विधान और अरदास के साथ किया गया। इसके बाद लंगर वितरण सेवा शुरू हुई, जो लगातार शाम 6 बजे तक अनावरत चलती रही। इस दौरान सिख फोरम के सभी सदस्य बेहद जोश, उत्साह और सेवा भावना के साथ व्यवस्थाएं संभालने में जुटे रहे। 5000 से अधिक लोगों ने छका लंगर।
इस आयोजन में जाति-पाति और धर्म के भेद से ऊपर उठकर समाज के हर वर्ग के लोगों ने बड़े ही प्रेम और श्रद्धा के साथ लंगर प्रसाद ग्रहण किया। दिनभर में 5000 से भी अधिक की संख्या में संगत और राहगीरों ने पंडाल में आकर प्रसाद छका। सिख फोरम के पदाधिकारियों ने बताया कि इस भव्य कार्यक्रम की सफलता में केवल फोरम के सदस्यों का ही नहीं, बल्कि पूरे ग्वालियर शहर की संगत और आम जनता का भी भरपूर और सराहनीय सहयोग रहा। फोरम ने इस सेवा कार्य में योगदान देने वाले सभी सेवादारों और सहयोगियों का सहृदय आभार व्यक्त किया है।