राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर अहिंसा ऑर्गेनाइजेशन ने किया चिकित्सकों का सम्मान

Jul 03 2026

ग्वालियर। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर अहिंसा महिला बाल कल्याण स्वास्थ्य शिक्षा प्रसार समिति (अहिंसा ऑर्गेनाइजेशन) द्वारा शहर के मनोचिकित्सक डॉ. अतर सिंह एवं वरिष्ठ मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. देवेंद्र आर्य को स्मृति चिन्ह एवं सम्मान स्वरूप उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संस्था के सचिव दीपक श्रीवास्तव ने कहा कि दोनों चिकित्सक लंबे समय से संस्था के सामाजिक, स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी कार्यों में निरंतर सहयोग प्रदान कर रहे हैं। वे विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद मरीजों को समय-समय पर नि:स्वार्थ चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराकर मानव सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। संस्था उनके इस अमूल्य सहयोग, सेवा-भाव एवं मानवीय संवेदनाओं के लिए सदैव ऋणी रहेगी। सम्मानित चिकित्सकों ने भी संस्था द्वारा संचालित स्वास्थ्य जागरूकता, नशा मुक्ति, महिला एवं बाल कल्याण तथा अन्य सामाजिक गतिविधियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में संस्था के सचिव दीपक श्रीवास्तव सहित संस्था के पदाधिकारी, स्टाफ सदस्य एवं सहयोगी चिकित्सीय स्टाफ उपस्थित रहे। सभी ने चिकित्सकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।