सेवा, संवेदना और समर्पण को मिला सम्मान; शहर के चिकित्सकों का किया अभिनंदन

Jul 03 2026

ग्वालियर। राष्ट्रीय चिकित्सा दिवस (डॉक्टर डे) के अवसर पर मातृत्व जनआरोग्य एवं शिक्षा प्रसार समिति, ग्वालियर द्वारा शहर के उत्कृष्ट चिकित्सकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले डॉ. उज्ज्वल शर्मा, डॉ. नवनीत अग्रवाल, डॉ. रीता मिश्रा, डॉ. निखिल चोपड़ा, डॉ. रवि अम्बे, डॉ. अनुराग सिंह सिकरवार एवं डॉ. दुष्यंत देव को ‘डॉक्टर्स एक्सीलेंस अवॉर्ड’ प्रदान कर सम्मानित किया गया। समिति के अध्यक्ष डॉ. सूर्यकांत अग्निहोत्री एवं मीडिया प्रभारी कपिल भार्गव ने सभी चिकित्सकों का माल्यार्पण कर स्मृति-चिह्न एवं सम्मान-पत्र भेंट किए।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष डॉ. सूर्यकांत अग्निहोत्री ने कहा कि चिकित्सक का जीवन केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने कहा कि स्वयं चिकित्सक होने के कारण वे अपने साथियों के समर्पण, संघर्ष और सेवा-भाव को निकट से समझते हैं। ऐसे में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों का सम्मान करना उनके लिए गर्व और आत्मीय संतोष का विषय है। उन्होंने कहा कि समाज को स्वस्थ और सुरक्षित बनाने में चिकित्सकों की भूमिका अतुलनीय है तथा उनका सम्मान पूरे चिकित्सा समुदाय का सम्मान है।
संस्था के मीडिया प्रभारी कपिल भार्गव ने कहा कि चिकित्सक बिना किसी जाति, धर्म, वर्ग या आर्थिक भेदभाव के हर व्यक्ति की सेवा करते हैं। यही सामाजिक समरसता और मानवता का सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि समाज में सम्मान, सहयोग और समरसता की भावना को मजबूत करना ही समिति का उद्देश्य है और भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन निरंतर किए जाएंगे। इस अवसर पर सचिव सोनू अग्निहोत्री, दीपक शर्मा, दीपक कुशवाह, राजेंद्र शर्मा, अखिलेश शर्मा, बलराम तोमर, विक्की शर्मा, ललित सिंह आदि मौजूद रहे।