मानसून की पहली बारिश से गर्मी से राहत

Jul 02 2026

ग्वालियर। आखिरकार गुरुवार को ग्वालियर में मानसून ने दस्तक दे दी। सुबह करीब 11 बजे हुई 10 मिनट की पहली बारिश ने भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत पहुंचाई। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं से मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट महसूस की गई।
मौसम विभाग ने गुरुवार से मानसून के आगमन की संभावना जताई थी। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और करीब 11 बजे शहर के विभिन्न हिस्सों में बारिश शुरू हो गई। हालांकि यह बारिश अधिक देर तक नहीं चली, लेकिन इससे लोगों को तेज गर्मी से काफी राहत मिली।
पिछले कई दिनों से ग्वालियर भीषण गर्मी और उमस की चपेट में था। न्यूनतम और अधिकतम तापमान लगातार बढ़ रहा था। गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी और तेज धूप के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मौसम विभाग का कहना है कि यह मानसून की शुरुआती बारिश है। अच्छी और लगातार बारिश के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना पड़ सकता है।
मौसम में बदलाव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और बदलते मौसम में स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। वहीं, मानसून में देरी के कारण ग्वालियर में पेयजल संकट भी गहराने लगा है। शहर की प्रमुख जलापूर्ति का स्रोत तिघरा बांध का जलस्तर लगातार घट रहा है। इसी स्थिति को देखते हुए नगर निगम ने शहर में एक दिन छोड़कर पानी की सप्लाई करने का प्रस्ताव तैयार किया है। परिषद की मंजूरी मिलने के बाद इस व्यवस्था को लागू किया जा सकता है।