स्वयंसेवकों ने पोलियो अभियान में की सहभागिता

Jul 01 2026

ग्वालियर। महात्मा गॉंधी कॉलेज ऑफ लॉ की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा पोलियो उन्मूलन अभियान के अंतर्गत दिनांक 28 से 30 जून 2026 तक बच्चों को पोलियो की दवाई पिलाई गई। यह कार्यक्रम स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो से सुरक्षित करना था।
इकाई के कार्यक्रम अधिकारी नौवेन्द्र सिंह रावत के निर्देशन में स्वयंसेवकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। उन्होंने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पिलाई। अभियान के प्रथम दिन स्वयंसेवकों ने आंगनवाड़ी केन्द्रों पर दवाई पिलाने और व्यवस्था बनाने में सहयोग किया। दूसरे और तीसरे दिन उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों को दवा पिलाने में सहयोग के साथ साथ लोगों को पोलियो के प्रति जागरूक भी किया। स्वयंसेवकों ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों कंपू, हजीरा, महलगांव, डबरा में अभियान के क्रियान्वयन में सहयोग किया। कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि एनएसएस केवल सेवा नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। हमारे छात्र देश के भविष्य को सुरक्षित करने में भागीदारी कर रहे हैं, यह गर्व की बात है। कार्यक्रम में स्वयंसेवक स्नेहा, मुस्कान, अजय, अनीशा, कृष्णम, शिखा, पुष्पेन्द्र, आकाश, प्रशांत आदि की सहभागिता रही।