छात्रों के दो गुटों में विवाद के चलते मारपीट, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

Jun 30 2026

ग्वालियर। दीनदयाल नगर क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के छात्रों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना महाराजपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते बहस और फिर मारपीट में बदल गई। इसके बाद दोनों गुटों के छात्र एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने लगे। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने छात्रों को रोकने और बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन दोनों पक्ष काफी देर तक एक-दूसरे से भिड़े रहे। इसी दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वायरल वीडियो में छात्र एक-दूसरे के साथ मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। महाराजपुरा थाना पुलिस वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल छात्रों की पहचान करने में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।