निगमायुक्त ने निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण कर देरी पर लगाई फटकार

Jun 29 2026

ग्वालियर। नगर निगम के चल रहे निर्माणाधीन कार्यों का निगमाायुक्त संघ प्रिय ने निरीक्षण किया। कार्यों में लेटलतीफी पर नगर निगम आयुक्त ने नाराजगी जताई। महाराज बाड़ा स्थित मल्टीलेवल कार पार्किंग को हर हाल में जुलाई माह में शुरू करने के निर्देश दिए। निगमाायुक्त संघ प्रिय ने गोला का मंदिर स्थित कन्वेंशन सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को कार्य तेज से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कार्य में हो रही देरी पर अधिकारियों और ठेकेदार को फटकार लगाई। इसके बाद उन्होंने निर्माणाधीन परिषद का निरीक्षण किया और उसमें फिनिशिंग कार्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए। 
इसके साथ ही निगमायुक्त ने संग्रहालय का निरीक्षण किया और सडक़ को चौड़ी करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने संग्रहालय में फिनिशिंग कार्य एवं वस्तुओं की सजावट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहाकि समय पर कार्य पूर्ण करें जिससे संग्रहालय को आमजनों के लिए खोला जा सके। इसके बाद उन्होंने मल्टीलेवल कार पार्किंग का निरीक्षण किया वहां पर उन्होंने बैसमेंट में भरे पानी को देखा और उसके निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि ऊपर के दो फ्लोरों का कार्य पूर्ण कर लें जिससे जुलाई माह में पार्किंग को आमजनों के लिए खोला जा सके। इसके बाद उन्होंने लक्कडख़ाना पुल का निरीक्षण किया, और अधिकारियों को कार्य तेज गति से पूर्ण करने के निर्देश दिए।