निगम अध्यक्ष मनोज तोमर ने ट्रॉमा सेंटर को भेंट किए तीन एयर कंडीशनर

Jun 28 2026

ग्वालियर। राजनीति में सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता का संगम जब किसी जनप्रतिनिधि के व्यक्तित्व में दिखाई देता है, तभी वह सच्चे अर्थों में जनसेवक कहलाता है। निगम अध्यक्ष मनोज तोमर ने इसी भावना का परिचय देते हुए जयारोग्य अस्पताल के 1000 बिस्तर अस्पताल स्थित ट्रॉमा सेंटर को अपनी अध्यक्ष निधि से 2 टन क्षमता के तीन एयर कंडीशनर भेंट किए।
दरअसल, कुछ समय पूर्व मनोज तोमर ट्रॉमा सेंटर में भर्ती एक मरीज का हालचाल जानने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने देखा कि यहां सडक़ दुर्घटनाओं एवं अन्य गंभीर घटनाओं में घायल मरीजों का इलाज किया जाता है। उनके साथ बड़ी संख्या में परिजन भी अस्पताल में मौजूद रहते हैं, लेकिन भीषण गर्मी और पर्याप्त शीतलन व्यवस्था के अभाव में मरीजों के साथ-साथ उनके परिजनों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए श्री तोमर ने मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए अपनी अध्यक्ष निधि से तीन एयर कंडीशनर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। रविवार को उन्होंने अस्पताल प्रशासन को औपचारिक रूप से तीनों एयर कंडीशनर सौंपे, जिससे ट्रॉमा सेंटर में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को गर्मी से राहत मिल सकेगी तथा उपचार के दौरान अधिक अनुकूल वातावरण उपलब्ध होगा।
इस अवसर पर जयारोग्य अस्पताल के अधीक्षक डॉ. सुधीर सक्सेना, अस्पताल के चिकित्सकगण, स्टाफ एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अस्पताल प्रशासन ने मनोज तोमर की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह सहयोग मरीजों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। सभी ने मरीजों की सुविधा और उनकी पीड़ा को समझते हुए किए गए इस कार्य के लिए श्री तोमर का आभार व्यक्त किया। श्री मनोज तोमर ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते समाज की आवश्यकताओं को समझना और उनके समाधान के लिए कार्य करना उनका दायित्व है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह छोटी-सी पहल अस्पताल में आने वाले जरूरतमंद मरीजों एवं उनके परिजनों को राहत प्रदान करेगी और भविष्य में भी वे जनसेवा के ऐसे कार्य निरंतर करते रहेंगे।