युवाओं को नशे की लत से बचाना समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व:हरिओम गौतम

Jun 26 2026

ग्वालियर। सामाजिक संस्था रमन शिक्षा समिति एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस के अवसर पर विवेकानंद नशामुक्ति एवं परामर्श केंद्र, थाटीपुर में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला न्यायालय के न्यायिक अधिकारी ऋषभ दीक्षित उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त कलेक्टर विनोद सिंह ने की। विशिष्ट अतिथि रमन शिक्षा समिति के अध्यक्ष एवं समाजसेवी हरिओम गौतम उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था अध्यक्ष हरिओम गौतम ने कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर अभिशाप है। आज पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव में अनेक युवा शौक के नाम पर नशे की दलदल में फंसते जा रहे हैं। युवाओं को नशे की लत से बचाना केवल सरकार का ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने सभी से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि ऋषभ दीक्षित ने समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नशा किसी भी प्रकार का हो, वह व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार के भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने रमन शिक्षा समिति द्वारा नशा मुक्ति के क्षेत्र में किए जा रहे जन-जागरूकता प्रयासों की मुक्त कंठ से सराहना की और कहा कि ऐसे सामाजिक अभियान युवाओं को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संयुक्त कलेक्टर विनोद सिंह ने कहा कि नशा समाज के विकास में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है। 'नशा मुक्त भारत अभियानÓ किसी एक विभाग का नहीं, बल्कि पूरे समाज का अभियान है। यदि प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाए तो नशा मुक्त भारत का सपना अवश्य साकार होगा। कार्यक्रम के समापन पर संयुक्त कलेक्टर विनोद सिंह ने उपस्थित सभी लोगों को जीवन में कभी भी किसी भी प्रकार का नशा न करने एवं दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी परमानंद श्रीवास, सीपीएलआई परियोजना की एरिया कोऑर्डिनेटर श्रीमती प्रीति मिश्रा ने उपस्थित अतिथियों को संस्था की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर अमित मंडेलिया, मुस्कान जाटव, उमा पाल, भूमिका साहू, आदित्य बाथम, सुमित गौतम सहित बड़ी संख्या में संस्था के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रामदास माहौर ने किया तथा अंत में श्रीमती प्रियंका शर्मा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।