अहिंसा समिति के वॉलिंटियर्स एवं स्टाफ सदस्यों को किया सम्मानित

Jun 26 2026

ग्वालियर। अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर सामाजिक न्याय एवं निशक्तजन कल्याण विभाग द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित जनजागरूकता कार्यक्रमों का समापन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर अहिंसा महिला बाल कल्याण स्वास्थ्य शिक्षा प्रसार समिति, ग्वालियर के वॉलिंटियर्स, स्टाफ सदस्यों, काउंसलरों एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
अहिंसा समिति द्वारा 17 जून से 26 जून तक जिले के विभिन्न हॉटस्पॉट क्षेत्रों में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत चित्रकला, नृत्य, मेहंदी सहित अनेक जनजागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया। अभियान में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समापन समारोह में प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के आधार पर प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। सम्मानित विद्यार्थियों में दीपाली शाक्य, मधु कुशवाहा, छवि प्रजापति, प्रिया सोनी, मानवी कुशवाहा, रिया उमरिया, पारुल वर्षिनी, वंशिका प्रजापति, पूर्वी निखरा, डॉली कुशवाहा, अमित शर्मा, राज प्रजापति, मनोज कुमार एवं निशांत श्रीवास्तव सहित अन्य प्रतिभागी शामिल रहे। अभियान में उत्कृष्ट सेवाएं देने के लिए संस्था की काउंसलर मोहिनी वर्मा, डब्ल्यू. नेमीचंद, प्रबल प्रताप सिंह, शिवानी शर्मा, राजकुमारी शर्मा एवं कुमारी शर्मा को भी सामाजिक न्याय एवं निशक्तजन कल्याण विभाग द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी श्याम सुंदर श्रीवास्तव को भी नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जनजागरूकता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही अहिंसा महिला बाल कल्याण स्वास्थ्य शिक्षा प्रसार समिति, ग्वालियर को नशा मुक्त भारत अभियान के सफल संचालन एवं जनसहभागिता के लिए प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विभाग ने संस्था द्वारा समाज में नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने के सतत एवं प्रभावी प्रयासों की सराहना की। संस्था के सचिव दीपेश श्रीवास्तव ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों, वॉलिंटियर्स, स्टाफ सदस्यों एवं पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही नशा मुक्त भारत का संकल्प साकार होगा। उन्होंने सभी से अपने-अपने क्षेत्रों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता फैलाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के अभियान में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।