निगमायुक्त ने जलभराव एवं सीवर व्यवस्था का निरीक्षण कर दिए सुधार के निर्देश

Jun 26 2026

ग्वालियर। निगमायुक्त संघ प्रिय ने शुक्रवार को ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न जलभराव संभावित क्षेत्रों, नालों, सीवर परियोजनाओं एवं विकास कार्यों का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीवर निकासी, नाला सफाई, स्वर्णरेखा नदी से मिट्टी हटाने तथा वर्षाकालीन तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर निगम आयुक्त ने कहा कि वर्षाकाल के दृष्टिगत जलनिकासी, सीवर व्यवस्था एवं स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
निरीक्षण की शुरुआत 145 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से हुई, जहां निर्धारित क्षमता की तुलना में मात्र 80 एमएलडी सीवर जल पहुंचने पर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीवर लाइन में जहां भी अवरोध हो, उसे तत्काल दूर किया जाए तथा सभी पंप पूर्ण क्षमता से संचालित किए जाएं, जिससे शहर की सीवर व्यवस्था सुचारु बनी रहे। इसके पश्चात 20 एमएलडी पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण किया गया। यहां बिना उपचारित सीवर जल के सीधे जलालपुर नहर में प्रवाहित होने पर निगमायुक्त ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए निर्देश दिए कि शीघ्र कार्ययोजना तैयार कर इस जल को 145 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचाया जाए तथा उपचार के उपरांत ही आगे छोड़ा जाए।
 मेवाती मोहल्ले में कचरा ठिया समाप्त कराने के निर्देश
मेवाती मोहल्ले के निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में कचरा ठिया पाए जाने पर अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय नागरिकों के सहयोग के अभाव में समस्या बनी हुई है। इस पर निगम आयुक्त ने संबंधित क्षेत्र में कर्मचारी तैनात कर कचरा फेंकने वाले व्यक्तियों की पहचान करने के निर्देश दिए। साथ ही ऐसे व्यक्तियों के हाउस टैक्स, जलकर एवं भवन अनुमति संबंधी अभिलेखों की जांच कर अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।