मुहर्रम पर ताजियों ने की गश्त, कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक किए गए ताजिए

Jun 26 2026

ग्वालियर। मुहर्रम पर गुरुवार रात से शुक्रवार सुबह तक ताजियों ने महाराज बाड़ा में गश्त की। बाड़े पर ताजिए मातमी धुनों के साथ रात 10:30 बजे से पहुंचना शुरू हो गए थे। ऊंचे ताजिए आकर्षण का केंद्र थे। शुक्रवार सुबह से ही कर्बला पर ताजिये विसर्जित व दफनाएं गए। ताजियों के गश्त के दौरान जिला प्रशासन व पुलिस ने सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। रात 10 बजे के बाद बाड़े पर बड़े वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया गया था। इस साल भी ऐसा हुआ है कि प्रशासन की चेतावनी के बाद डीजे के बिना मुहर्रम के जुलूस निकले हैं। इस बार मुहर्रम में ताजियेदारों ने डीजे के स्थान पर परंपरागत वाद्ययंत्रों का प्रयोग किया था। जिससे इन वाद्ययंत्रों की आवाज जहां तक जा रही थी, लोग इसका लुत्फ उठा रहे थे।
इमाम बाड़ों से ताजिये उठना शुरू हुए। मातमी धुनों के साथ ताजिये महाराज बाड़े पर पहुंचे। यहां बाड़े पर गश्त करने के साथ कुछ समय के लिए विश्राम किया। गश्त के दौरान ताजियों के साथ अखाड़ेदारों ने प्रदर्शन किया। शोक में युवा ढोल-नगाड़े पीटते हुए चल रहे थे। शंकरपुर, आपागंज, पिछोरो की पहाड़िया व रामाजी के पुरा का आकर्षण का केंद्र रहा। शुक्रवार को ताजिए सागरताल पर दफनाए व विसर्जित किए गए।
 शुक्रवार दोपहर 12 बजे के बाद से शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्र से ताजियों का कर्बला पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जहां मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नम आंखों से ताजियों को सम्मानपूर्वक सुपुर्द-ए-खाक (द$फन) किए। शाम 6 बजे कर्बला परिसर में कमेटी के पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शहीदाने कर्बला को खिराजे अकीदत (श्रद्धांजलि) पेश की गई।
पुलिस ने ड्रोन, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी
मुहर्रम पर शहर की सड़कों पर ताजिए गश्त कर रहे हैं। इस दौरान शरारती तत्व माहौल न बिगाड़े इसके लिए पुलिस ने तैयारी कर ली है। सुरक्षा और शरारती तत्वों पर कार्रवाई के लिए इस बार सड़कों पर पुलिस के एक हजार जवान तैनात किए गए हैं, जो निगरानी के साथ ही तत्काल एक्शन भी लेंगे। इसके साथ ही सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरे और आसमान से ड्रोन से पुलिस निगरानी कर रही है।
एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव ने बताया कि मुहर्रम पर सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट मोड़ पर है और सुरक्षा के साथ ही शरारती तत्वों पर कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी सहित पुलिस जवान शहर की सड़कों पर तैनात किए गए हैं। जो भीड़ में निगरानी के साथ ही जेब कतरों के साथ ही अन्य बदमाशों पर नजर रखेंगे। पुलिस का काम है कि जब सड़क पर ताजिए गश्त करने के लिए निकलें तो किसी भी तरह का माहौल को बिगाड़ने का कोई काम न हो।