एमआईटीएस में जीवाजीराव सिंधिया की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की

Jun 26 2026

ग्वालियर। माधव प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान (एमआईटीएस), सम विश्वविध्यालय में संस्थान के संस्थापक प्रेरणास्रोत एवं ग्वालियर एस्टेट के महाराजा जीवाजीराव सिंधिया की 110वीं जयंती श्रद्धा एवं गरिमा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर संस्थान परिसर में स्थित उनकी प्रतिमा पर सिंधिया इंजीनियरिंग सोसायटी के सचिव रमेश अग्रवाल ने माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर संस्थान के सचिव ने जीवाजीराव सिंधिया के तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में दूरदर्शी योगदान को स्मरण करते हुए बताया कि एमआईटीएस, सम विश्वविध्यालय, की स्थापना वर्ष 1957 में तत्कालीन ग्वालियर राज्य के महाराजा जीवाजीराव सिंधिया द्वारा की गई थी। उनके दूरदर्शी नेतृत्व एवं शिक्षा के प्रति समर्पण का ही परिणाम है कि आज एमआईटीएस देश के अग्रणी तकनीकी संस्थानों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर चुका है।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि संस्थान की स्थापना के समय केवल तीन स्नातक पाठ्यक्रम—सिविल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग एवं इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग प्रारंभ किए गए थे। वर्तमान में संस्थान विकसित होकर 18 स्नातक (यूजी) कार्यक्रम, 10 स्नातकोत्तर (पीजी) कार्यक्रम तथा 7 से ज्यादा विषयों में पीएच.डी. कार्यक्रम संचालित कर रहा है। संस्थान में लगभग 6 हजार विद्यार्थी अध्ययनरत हैं तथा वर्ष 2024 में भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा इसे डीम्ड टू बी विश्वविद्यालय का दर्जा प्रदान किया गया। संस्थान को एनएएआर द्वारा ए++ ग्रेड से मान्यता प्राप्त है। कार्यक्रम में रमेश अग्रवाल, शिक्षकगण, अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।