मानसून की सुस्ती से बढ़ी तपिश, गर्मी और उमस से लोग परेशान

Jun 24 2026

ग्वालियर। मानसून की सुस्ती और बादलों की बेरुखी के कारण ग्वालियर अंचल में एक बार फिर भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मंगलवार को सूरज के तीखे तेवरों ने पूरे शहर को झुलसा दिया, जब अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बुधवार की सुबह से ही मौसम में गर्मी का असर दिखाई दिया सुबह 8:30 बजे तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।  तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग पसीने से तरबतर नजर आए। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ अपेक्षाकृत कम रही। दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा और कई लोग दोपहर के समय घरों से निकलने से परहेज कर रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल क्षेत्र में बारिश की संभावना बहुत कम है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून की गतिविधियां अभी कमजोर बनी हुई हैं, जिसके कारण गर्मी का असर बना हुआ है। अगले कुछ दिनों तक तापमान में विशेष गिरावट की संभावना नहीं है।