किलागेट पर स्थित कन्या विद्यालय व एवीएम स्कूल को यथास्थान संचालित करने दिया ज्ञापन

Jun 23 2026

ग्वालियर। स्कूल बचाओ संघर्ष समिति ग्वालियर इकाई की तरफ से स्कूलों को मर्ज करने की नीति के खिलाफ ज्ञापन दिया गया। ग्वालियर के किला गेट चौराहे पर स्थित कन्या विद्यालय व एवीएम स्कूल को चौराहे से हटाकर मल्लगढ़ा पर स्थित सांदीपनी स्कूल में मर्ज कर दिया गया है। जिसके चलते छात्रों को इतनी दूर तक जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे ही पूरे ग्वालियर शहर में 19 से ज्यादा सरकारी स्कूलों को बंद किया जा रहा है, यानी कि मर्ज किया जा रहा है। पूरे प्रदेश में 90' सरकारी स्कूलों को बंद किया जा रहा है। इसी को लेकर लगातार छात्र सड़कों पर स्कूल बचाने को लेकर आंदोलन चला रहे हैं। गत माह किलागेट क्षेत्र में एक बड़ी छात्र रैली के साथ इस आंदोलन की शुरूआत की गई थी और आज इसी कड़ी में स्कूलों की बंद करने की नीति के खिलाफ जिला कलेक्ट्रेट में ज्ञापन दिया गया।
5 साल के अंदर प्रदेश के लगभग 35000 से ज्यादा सरकारी स्कूलों को बंद कर दिया गया है ऐसे में अगर सरकारी स्कूलों को बंद कर दिया जाएगा तो फिर मध्यम वर्गीय छात्र शिक्षा नहीं ले पाएंगे। इसी के विरोध में स्कूल बचाओ संघर्ष समिति ये मांग उठा रही है कि बेहतर शिक्षा सस्ती शिक्षा सबको मुहैया हो। शहर भर के वह स्कूल जो जर्जर भवनों में संचालित हो रहे हैं, उनको बेहतर स्थिति में लाने के लिए प्रशासन द्वारा पर्याप्त सहायता दी जाए, तथा जिन स्कूलों को शहर से बाहर छात्रों की पहुंच से दूर किया जा रहा है, उन्हें शहर के बीच व छात्रों की आसान पहुंच में रखा जाए। छात्रों का कहना है कि ग्वालियर के 19 सरकारी स्कूलों को बंद करने की नीति वापस नहीं ली गई तो छात्र सड़कों पर उतरकर इस आंदोलन को और तेज करेंगे, जब तक स्कूलों को बंद करने की नीति वापस नहीं ली जाती ।