ग्वालियर की बेटी श्वेता मिश्रा बनीं नगर पालिका कार्यकारी अधिकारी

Jun 23 2026

ग्वालियर। ग्वालियर की श्वेता मिश्रा ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए 273वीं रैंक प्राप्त की है। उन्हें नगर पालिका कार्यकारी अधिकारी (एमईओ) पद आवंटित हुआ है, जिसमें उनकी कैडर रैंक 11वीं रही।
श्वेता की सफलता के पीछे 3-4 वर्षों का कठिन संघर्ष, दृढ़ संकल्प तथा उनकी मां और बड़े भाई का निरंतर सहयोग रहा है। वर्ष 2019 में पिता के निधन के बाद परिवार कठिन दौर से गुजरा, लेकिन उनकी मां ने पूरे परिवार को मजबूती से संभाला और बच्चों को अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया। श्वेता के बड़े भाई, जो सरकारी सेवा में कार्यरत हैं, ने उनकी तैयारी के दौरान हर कदम पर मार्गदर्शन और हौसला बढ़ाया। परिवार के सहयोग और अपनी अथक मेहनत के बल पर श्वेता ने यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। उनके छोटे भाई वर्तमान में अपनी पढ़ाई कर रहे हैं। श्वेता ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां, बड़े भाई और परिवार के सभी सदस्यों को देते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में परिवार का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत बना।