12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भारतीय योग संस्थान द्वारा भव्य योग समारोह आयोजित

Jun 22 2026

ग्वालियर। भारतीय योग संस्थान जिला ग्वालियर उत्तरपूर्व द्वारा अटल पार्क योग केंद्र, दीनदयाल नगर में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया गया। प्रात: 5 बजे से प्रारंभ हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधकों, पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
डॉ केके दीक्षित मीडिया प्रभारी ने बताया कि, कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, दीप प्रज्ज्वलन एवं माँ सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। श्रीमती मंजू यादव, श्रीमती मधु चौहान एवं श्रीमती रंजना साद तथा उनकी टीम द्वारा सरस्वती वंदना की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
इसके पश्चात जिला प्रधान अरविंद बाजपेयी द्वारा गायत्री मंत्र के भावार्थ सहित योगाभ्यास का शुभारंभ कराया गया। जिला विस्तारक प्रमोद त्रिपाठी ने सूक्ष्म क्रियाओं का अभ्यास कराया। केंद्र प्रमुख बृजेशचंद्र चतुर्वेदी ने ताड़ासन एवं सूर्य नमस्कार, क्षेत्रीय मंत्री डॉ. नवल सिंह सिकरवार ने वक्रासन, वज्रासन, शशकासन एवं अर्ध उष्ट्रासन, जिला मंत्री विजय साद ने हास्यासन, जिला कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती रंजना साद ने मकरासन, भुजंगासन एवं शलभासन तथा जिला संगठन मंत्री अश्वनी मिश्रा ने उत्तानपादासन, अर्ध हलासन, पवनमुक्तासन एवं शवासन का अभ्यास कराया। केंद्र प्रमुख शैलेश यादव ने अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा अंत में जिला प्रधान अरविंद बाजपेयी द्वारा ध्यान कराया गया। योगाभ्यास के उपरांत 'तन-मन जीवन चले सुधारे, योग मार्ग अपनाएँ हमÓ योग गीत की मनमोहक प्रस्तुति श्रीमती मंजू यादव एवं श्रीमती मधु चौहान द्वारा दी गई, जिसे उपस्थित साधकों ने अत्यंत सराहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रांतीय प्रधान एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य लक्ष्मण सिंह परिहार ने की। वार्ड 20 की पार्षद श्रीमती मंजू कुशवाह, विशिष्ट अतिथि एवं मुख्य अतिथि वार्ड क्रमांक18 की पार्षद श्रीमती रेखा त्रिपाठी उपस्थित रहीं। अपने उद्बोधन में परिहार ने 'स्वस्थ आयु के लिए योगÓ विषय पर प्रकाश डालते हुए नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताया पश्चात सभी को संकल्प कराया। मुख्य अतिथि श्रीमती रेखा त्रिपाठी ने योग को जन-जन तक पहुँचाने के लिए भारतीय योग संस्थान के प्रयासों की सराहना की। केंद्र प्रमुख मुकेश मिश्रा, राजीव नगाइच व बिनोद तिवारी, जिला योग मंजरी विस्तारक राम बरन सिंह कुशवाह, क्षेत्रीय मंत्री महेन्द्र सिंह राजावत आदि कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन जिला मंत्री विजय साद द्वारा किया गया। अंत में क्षेत्रीय प्रधान ओमप्रकाश बाजपेयी ने आभार व्यक्त किया तथा शांति पाठ के उपरांत प्रसाद वितरण किया गया।