राष्ट्रपति की ट्रांजिट विजिट 21 जून को, एयरपोर्ट से अस्पताल तक अलर्ट

Jun 20 2026

ग्वालियर। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 18 से 22 जून के मध्य प्रदेश दौरे के तहत 21 जून को होने वाले ग्वालियर और श्योपुर (कूनो) आगमन को लेकर जिला एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है।
राष्ट्रपति की सुरक्षा को अभूतपूर्व और चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए शनिवार को पुलिस प्रशासन द्वारा ‘कैनवॉय रिहर्सल’ (काफिले का पूर्वाभ्यास) किया गया, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक न रहे।
राष्ट्रपति की त्रिस्तरीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ग्वालियर और श्योपुर में लगभग 2000 पुलिसकर्मियों और विशेष सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। ग्वालियर में 1200 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए ग्वालियर एयर फोर्स स्टेशन और वीआईपी सर्किट हाउस (मुरार) के चारों ओर 5 किलोमीटर की परिधि को पूरी तरह ‘नो फ्लाई ज़ोन’ घोषित कर दिया गया है। इसके अलावा, मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए आपातकालीन स्थिति के लिए एक सडक़ मार्ग को भी वैकल्पिक तौर पर सुरक्षित और तैयार रखा गया है।
राष्ट्रपति 21 जून की दोपहर 2:20 बजे वायुसेना के विशेष विमान से ग्वालियर एयरबेस पहुंचेंगी। यहाँ से वह दोपहर 2:30 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क के लिए रवाना होंगी और दोपहर 3:15 बजे कूनो पहुंचेंगी। कूनो में वह बोत्सवाना से लाए गए चीतों की स्थिति का जायजा लेंगी। उन्हें चीतों के बाड़ों, उनकी देखरेख और प्रोजेक्ट की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
द्रौपदी मुर्मू का दौरा देखते हुए प्रशासन, पुलिस के साथ अस्पताल प्रबंधन भी हाई अलर्ट पर है। हालांकि राष्ट्रपति मुर्मू एयरपोर्ट से ही सीधे कूनो, श्योपुर के लिए रवाना हो जाएंगी, लेकिन प्रोटोकाल के तहत प्रशासन व पुलिस 24 घंटे तैयार रहेगा। मुरार सर्किट हाउस को तैयार कर दिया गया है और जेएएच ग्रुप के अस्पतालों को हाईअलर्ट पर रखा गया है। जिससे जरा सी भी चूक की गुंजाइश न रहे।