लोग किले पर सामूहिक रूप से योग करेंगे आज

Jun 20 2026

ग्वालियर। जिले में 21 जून को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। योग दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम ऐतिहासिक दुर्ग पर राजा मानसिंह महल के समीप प्रात: 6 बजे आयोजित होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट होंगे। इसके अलावा सभी नगरीय निकायों, पंचायत मुख्यालयों व ग्रामीण में भी क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में विश्व योग दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित होंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव योग दिवस 21 जून को कार्यक्रमों को संबोधित करेंगे। उनके उद्बोधन का सीधा प्रसारण जिला स्तरीय कार्यक्रम सहित अन्य कार्यक्रमों में किया जायेगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम सहित अन्य कार्यक्रमों में सामान्य योग प्रोटोकॉल के तहत योगाभ्यास कराया जायेगा। निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रात: 6 बजे कार्यक्रम स्थल पर विद्यार्थियों सहित सभी सहभागीगण उपस्थित होंगे। प्रात: 6 बजे से 6.30 बजे तक स्थानीय जनप्रतिनिधिगणों का आगमन व उदबोधन होगा। इसके बाद प्रात: 6.30 बजे से 6.40 बजे तक मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उदबोधन का सीधा प्रसारण होगा। इसी क्रम में प्रात: 6.40 से 7.40 बजे तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उदबोधन का सीधा प्रसारण होगा। इसके बाद सामान्य योगा प्रोटोकॉल के तहत प्रात: 7 बजे से 7.45 बजे तक योगाभ्यास कराया जाएगा।