बम बम भोले सेवा दल ने किले पर योग कर बढ़ाई शारीरिक क्षमता: डॉ. संजय पांडेय

Jun 20 2026

ग्वालियर। अमरनाथ यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। बाबा बर्फानी के दर्शनों की कठिन और दुर्गम यात्रा को सुगम व सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से ग्वालियर के ‘बम बम भोले सेवा दल’ ने एक सराहनीय और अनूठी पहल की है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून की पूर्व संध्या पर संस्था के मुख्य आयोजक डॉ. संजय कुमार पांडे और उनकी पूरी टीम ने विशेष योग सत्र का आयोजन किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आगामी अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले शिवभक्तों की शारीरिक और मानसिक क्षमता को मजबूत करना है।
 डॉ. संजय कुमार पांडेय ने बताया कि अमरनाथ की यात्रा अत्यधिक ऊंचाई और कम ऑक्सीजन वाले पहाड़ी रास्तों से होकर गुजरती है। ऐसे में श्रद्धालुओं का शारीरिक रूप से फिट होना बेहद जरूरी है।‘यात्रा के दौरान सांस फूलने और थकान जैसी समस्याओं से बचने के लिए प्राणायाम और विशेष आसन बेहद मददगार साबित होते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए हमारी टीम ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से ठीक एक दिन पहले इस सामूहिक योग शिविर का संकल्प लिया। इस योग सत्र के दौरान डॉ. संजय पांडेय और उनकी टीम के सदस्यों ने सूर्य नमस्कार, वीरभद्रासन और ताड़ासन जैसे आसनों का अभ्यास किया, जो पैरों और पीठ को मजबूती देते हैं। इसके साथ ही, पहाड़ों पर ऑक्सीजन की कमी से निपटने के लिए ‘कपालभाति’ और ‘अनुलोम-विलोम’ प्राणायाम पर विशेष जोर दिया गया। ’बम बम भोले सेवा दल’ ग्वालियर हर वर्ष की तरह इस बार अपनी 26वी अमरनाथ यात्रा 2026 के लिए पूरी तरह तैयार है। जो 7 जुलाई को ग्वालियर से जाकर 16 जुलाई को बापस आएगा। टीम के सदस्यों का कहना है कि योग के माध्यम से मिली इस ऊर्जा और बाबा भोलेनाथ के आशीर्वाद से वे इस कठिन यात्रा को बेहद आसानी से और पूरी आस्था के साथ पूरा करेंगे। 
इस अवसर पर आनंद पचौरी, सुभाष शर्मा, राजीव शर्मा, निरुपमा शर्मा, राकेश मिश्रा, प्रवीण दौदेरिया, शैंकी अग्रवाल, किशन पाल, पंकज जैसवाल, योगेश बंसल, रामवरण सिंह,आनंद शर्मा,हरि सिंह आदि लोग उपस्तिथ थे।