सागरताल पर चला विशेष स्वच्छता अभियान, निकला सैकड़ों किलो कचरा

Jun 20 2026

ग्वालियर। निगमायुक्त संघ प्रिय के निर्देशन में शहर के प्रमुख जलाशयों को स्वच्छ और संरक्षित रखने के उद्देश्य से शनिवार को सागरताल पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। लगभग चार घंटे तक चले इस अभियान में नगर निगम के अमले और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर सागरताल एवं उसके आसपास के क्षेत्र की सफाई कर सैकड़ों किलो सूखा और हानिकारक कचरा एकत्रित किया।
सागरताल के आसपास स्थित मैरिज गार्डनों से निकलने वाले अपशिष्ट और जलाशय में विसर्जित की जाने वाली सामग्री के कारण क्षेत्र में बड़ी मात्रा में गंदगी जमा हो गई थी। अभियान के दौरान तालाब के किनारों, सीढिय़ों और आसपास के खुले क्षेत्रों में फैले कचरे को हटाया गया। एकत्रित कचरे को वैज्ञानिक निस्तारण के लिए केदारपुर स्थित कचरा प्रसंस्करण केंद्र भेजा गया। स्वच्छता अभियान के तहत सागरताल के किनारे जमी गाद को भी हटाया गया तथा पूरे परिसर में झाड़ू लगाकर सफाई की गई। नगर निगम अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि जलाशयों में पूजा सामग्री, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट पदार्थों का विसर्जन न करें तथा शहर की प्राकृतिक धरोहरों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर के प्रमुख तालाबों, जल स्रोतों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाए जाएंगे, ताकि स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल ग्वालियर के निर्माण के लक्ष्य को गति मिल सके।