वीरांगना लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस पर विप्रा महिला मंच ने किया मातृशक्ति सम्मान

Jun 19 2026

ग्वालियर। वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस पर विप्रा महिला मंच द्वारा विशिष्ट प्रतिभाशाली मातृशक्ति सम्मान समारोह का आयोजन मंशापूर्ण हनुमान मंदिर के समीप पड़ाव स्थित निजी होटल में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष शिवानी चतुर्वेदी, सचिव डॉ. राजरानी शर्मा, निर्मला शर्मा एवं विप्रा संगिनियों द्वारा गणेश पूजन के साथ विधिवत रूप से किया गया। विप्रा प्रमुख डॉ. प्रतिभा चतुर्वेदी ने कहा कि राष्ट्र, समाज एवं परिवार के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली नारी शक्तियों का सम्मान किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। शिवानी चतुर्वेदी ने कहा कि यह आयोजन वीरांगना लक्ष्मीबाई के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है। दीप्ति शर्मा ने अपने उद्बोधन में रानी लक्ष्मीबाई के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अंतिम सांस तक संघर्ष करने वाली वीरांगना आज भी सभी के लिए आदर्श और प्रेरणा हैं। इस अवसर पर सुमन शर्मा ने विप्रा संगिनियों को जरूरतमंद एवं संकटग्रस्त महिलाओं की सहायता हेतु शपथ दिलाई। कार्यक्रम में नृत्य और गीत की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। मायका और मिहिका चौधरी ने नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि प्रियदर्शनी शर्मा ने सुमधुर गीत की प्रस्तुति दी। 
इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार सुबोध चतुर्वेदी, प्रो. पदमा शर्मा, ममता पाठक, शिखा चतुर्वेदी रेलवे अधिकारी, डॉ. पदमा पाठक होम्योपैथी चिकित्सक, डॉ. अल्का मिश्रा फॉरेंसिक ऑफिसर, डॉ. अंशु बाजपेई गायनेकोलॉजिस्ट, साधना शर्मा सहायक कुलसचिव जीवाजी विश्वविद्यालय, वर्षा त्रिपाठी नागरिक सहकारी बैंक सहित अनेक विशिष्ट महिलाओं को सम्मानित किया गया। संचालन रश्मि त्रिपाठी एवं आभार सचिव डॉ. राजरानी शर्मा ने व्यक्त किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष शैलजा मिश्रा, कोषाध्यक्ष ज्योति शर्मा, मंजू शर्मा, श्रुति उपाध्याय, निधि भार्गव, सपना पाराशर, रानी शर्मा, विभा शुक्ला, मुनमुन शुक्ला, अर्चना शर्मा आदि विप्रा संगिनियां उपस्थित रहीं।