परीक्षाओं में वन टाइम फीस की मांग को लेकर युवा दौड़े, जीतू पटवारी समेत कई नेता रहे शामिल

Jun 17 2026

ग्वालियर। सरकारी भर्ती परीक्षाओं में वन टाइम फीस (ओटीएफ) व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस ने बुधवार को ग्वालियर में ‘रन फॉर ओटीएफ’ मैराथन आयोजित की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, छात्र और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। संगठन ने केंद्र और राज्य सरकार से ‘एक फीस-अनेक परीक्षा’ व्यवस्था लागू करने की मांग की। मैराथन सुबह 7 बजे मेला ग्राउंड से शुरू हुई। यह गोला का मंदिर, हजीरा और सेवा नगर होते हुए फूलबाग मैदान पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन किया गया।
समापन कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभान चिब ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं के लिए बार-बार आवेदन शुल्क लेना युवाओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालता है। उन्होंने कहा कि ‘एक फीस-अनेक परीक्षा’ व्यवस्था लागू होने से लाखों युवाओं को राहत मिलेगी। साथ ही केंद्र सरकार से युवाओं की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।
मैराथन में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव के दौरान वन टाइम फीस लागू करने का वादा किया था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में ओटीएफ व्यवस्था लागू है और मध्यप्रदेश में भी इसी तरह की व्यवस्था लागू की जानी चाहिए, ताकि छात्रों को हर भर्ती परीक्षा के लिए अलग-अलग आवेदन शुल्क न देना पड़े।
जीतू पटवारी ने दावा किया कि विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के आवेदन शुल्क के कारण एक छात्र को सालभर में करीब 40 हजार रुपए तक खर्च करने पड़ते हैं। उनके अनुसार यह आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बड़ी चुनौती है।
युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ह्रञ्जस्न की मांग को लेकर ग्वालियर से प्रदेशव्यापी अभियान की शुरुआत की जा रही है। आने वाले दिनों में प्रदेशभर में पदयात्राएं, मशाल जुलूस और जनजागरण अभियान आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव मीतेन्द्र दर्शन सिंह, विधायक जयवर्धन सिंह, विधायक पंकज उपाध्याय, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह, पूर्व मंत्री सचिन यादव, कुलदीप सहित ग्वालियर-चंबल अंचल के कई जनप्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी और युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।