मेयर इन काउंसिल की बैठक आयोजित, लिए गए अनेक निर्णय

Jun 16 2026

ग्वालियर। मेयर इन काउंसिल की बैठक महापौर डॉ. शोभा सतीश सिंह सिकरवार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में शहर विकास से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा कर स्वीकृति प्रदान की गई। बाल भवन स्थित टीएलसी में आयोजित बैठक में मेयर इन काउंसिल सदस्य अवधेश कौरव,नाथूराम ठेकेदार, श्रीमती गायत्री सुधीर मंडेलिया, श्रीमती लक्ष्मी सुरेश गुर्जर निगमायुक्त संघ प्रिय, अपरआयुक्त टी. प्रतीक राव, प्रदीप तोमर, मुनीष सिकरवार, अधीक्षण यंत्री एसएल बाथम सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। 
बैठक में नगर निगम 4 अधिकारियों को शासन आदेशानुसार समयमान वेतनमान का लाभ दिये जाने के सम्बन्ध में निगमायुक्त के प्रतिवेदन पर चर्चा उपरांत प्रतिवेदन को अगली बैठक के लिए वापस किया गया तथा निर्देश दिए गए कि प्रतिवेदन के साथ सेवा सत्यापन का प्रमाणीकरण एवं सीआर रिपोर्ट लगाकर भेजें। इसके साथ ही नगर पालिक निगम में जलप्रदाय सेवाओं के लिये जल उपभोक्ता प्रभार की दरों का निर्धारण एवं लागू किये जाने बावत् निगमायुक्त के प्रतिवेदन पर चर्चा उपरांत प्रस्ताव को वापिस किया गया। 
इसके साथ ही द्वारिका नगरी योजनान्तर्गत दक्षिण विधानसभा की 06 क्षतिग्रस्त सड़कों के निर्माण हेतु तकनीकी एवं प्रशासकीय स्वीकृति बावत् निगमायुक्त के प्रतिवेदन पर चर्चा उपरांत उक्त प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। साथ ही ग्वालियर शहर में विभिन्न स्थानों पर शुलभ इन्टरनेशनल सोशल सर्विस ऑर्गेनाइजेशन द्वारा संचालित सार्वजनिक शौचालयों के संचालन संधारण मरम्मत व अन्य संधारण सम्बन्धी पे एण्ड यूज शुल्क की राशि को बढ़ाये जाने बावत् निगमायुक्त के प्रतिवेदन पर चर्चा उपरांत उक्त प्रस्ताव वापिस किया गया। इसके साथ ही अन्य बिंदुओं पर चर्चा की गई।