निगमायुक्त ने आमजन की समस्याएं सुनकर दिए निराकरण के निर्देश

Jun 16 2026

ग्वालियर। आमजनों की विभिन्न मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जनसुनवाई आयोजित की गई। जिसमें निगमायुक्त संघ प्रिय, अपर आयुक्त प्रदीप सिंह तोमर एवं मुनीष सिंह सिकरवार ने आमजनों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जनसुनवाई के दौरान अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। 
सिटी सेंटर स्थित निगम मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई में वार्ड 50 निम्बाजी की खोह जीवाजीगंज लष्कर निवासी पियूष पोहेलकर ने आवेदन देकर बताया कि महाराज बाडा, नजरबाग मार्केट पर अवैध रूप से रखी गुमटियों से यातायात अवरूद्ध होता है, आवेदक ने उचित कार्यवाही के संबंध में, वहीं वार्ड 63 कृष्णा विहार कॉलोनी के समस्त निवासीगणों ने आवेदन देकर बताया कि कृष्णा विहार कॉलोनी में बरसात के समय पानी की निकासी के लिए नाली नहीं होने पर सीवर ऑवरफ्लो होते हैं और गंदा पानी सड़क पर भर जाता है, आवेदकों ने उचित कार्यवाही के संबंध में, वार्ड 64 पुरानी छावनी निवासी सूरज खटीक ने आवेदन देकर बताया कि स्वीकृत कॉलोनी में शासकीय भूमि पर अवैध रूप से प्लॉटिंग एवं कॉलोनी विकास कार्य किए जा रहे हैं, आवेदक ने उचित कार्यवाही के संबंध में, वार्ड 19 कुंज विहार कॉलोनी फेस-2 के निवासीगणों ने आवेदन देकर अवगत कराया कि सीवर लाइन छोटी होने के कारण हमेषा सीवर ओवर फ्लो रहता है, आवेदकों ने उचित कार्यवाही के संबंध अपना आवेदन निगमायुक्त श्री संघ प्रिय को दिया। 
जिस पर निगमायुक्त ने आवेदनों पर सुनवाई करते हुए कुछ समस्याओ का निराकरण त्वरित करते हुए बांकी समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके साथ ही जनसुनवाई में पेयजल, अतिक्रमण, सफाई, विद्युत, आवास, सीवर सफाई, नामांतरण आदि से संबंधित 30 से अधिक आवेेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश निगमायुक्त ने दिए।