निगम की जनसुनवाई में पहुंचीं पार्षद अपर्णा पाटिल

Jun 16 2026

ग्वालियर। नगर निगम की जनसुनवाई में अब आम नागरिकों के साथ पार्षदों को भी अपनी समस्याओं के लिए गुहार लगानी पड़ रही है। इसी क्रम में, वार्ड 58 की पार्षद अपर्णा पाटिल मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचीं और अपने क्षेत्र की सीवर समस्या को लेकर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो ग्वालियर में भी इंदौर जैसे गंभीर हालात बन सकते हैं।
मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में भाजपा पार्षद अपर्णा पाटिल आम नागरिकों की तरह लाइन में लगकर निगमायुक्त संघप्रिय के समक्ष पहुंचीं। पार्षद पाटिल जनहित के मुद्दों को लेकर अक्सर सक्रिय रहती हैं। उन्होंने निगमाायुक्त को बताया कि उनके वार्ड में लंबे समय से सीवर की समस्या बनी हुई है। कई स्थानों पर सीवर चोक होने और गंदा पानी सड़कों पर बहने से रहवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस दौरान पार्षद ने कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्वालियर में भी इंदौर जैसी गंभीर घटना होने की आशंका है। उन्होंने सीवर लाइन की नियमित सफाई और तकनीकी जांच कराकर स्थायी समाधान की मांग की। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में वार्डवासी भी पार्षद के साथ मौजूद रहे। लोगों ने निगमायुक्त के सामने अपनी समस्याएं रखीं और जल्द कार्रवाई की मांग की। निगमायुक्त संघप्रिय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और जल्द से जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। 
जनसुनवाई में कई अधिकारी अनुपस्थित रहे, जिस पर  निगमायुक्त संघप्रिय ने  नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम से अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों को नोटिस जारी किया जाएगा और उनसे जवाब तलब किया जाएगा।