सोमवती अमावस्या पर श्री रामभक्त मंडल द्वारा गौसेवा संपन्न

Jun 15 2026

ग्वालियर। सनातन संस्कृति में गौसेवा को सर्वोच्च पुण्यदायी एवं लोककल्याणकारी सेवा माना गया है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए श्री रामभक्त मंडल द्वारा सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर सोमवार को विभिन्न गौशालाओं में गौसेवा का आयोजन किया गया। मंडल के गौसेवकों एवं सहयोगियों के सहयोग से लाल टिपारा गौशाला, ग्वालियर में 2686 किलोग्राम हरे चारे (गौभोग) के साथ-साथ केले एवं सेंधा नमक की सेवा समर्पित की गई। इसके अतिरिक्त जनकताल स्थित गौशाला में 250 किलोग्राम हरी सब्जी का वितरण कर गौमाताओं की सेवा की गई।
इस सेवा कार्य में अनेक श्रद्धालु गौसेवकों ने अपनी श्रद्धा एवं सामर्थ्य अनुसार आर्थिक एवं सामग्री सहयोग प्रदान किया। मंडल ने सभी सहयोगी गौसेवकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी के सहयोग एवं सेवा-भाव के कारण ही निरंतर गौसेवा के कार्य संपन्न हो रहे हैं। मंडल के पदाधिकारियों ने गौमाता से सभी सहयोगियों एवं उनके परिवारजनों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की तथा भविष्य में भी इसी प्रकार गौसेवा के कार्यों में सहभागिता बनाए रखने का आग्रह किया।