युवा, शिक्षा, उद्योग और राजनीति के समन्वय से बनेगा भविष्य का ग्वालियर

Jun 15 2026

ग्वालियर। ऑल इंडिया मैनेजमेंट एसोसिएशन यंग लीडर्स काउंसिल (एआईएमए वाईएलसी) ग्वालियर चैप्टर द्वारा होटल लैंडमार्क एनएक्स में 'विजन ग्वालियर 2035Ó विषय पर एक विचार संगोष्ठी एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उद्योग जगत, शिक्षा, राजनीति, बैंकिंग एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लेकर वर्ष 2035 तक ग्वालियर के समग्र विकास की संभावनाओं एवं चुनौतियों पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजेश खन्ना सीनियर वाइस प्रेसिडेंट एसआरएफ, लिमिटेड थे। उन्होंने कहा कि किसी भी शहर का विकास केवल आधारभूत संरचनाओं से नहीं बल्कि युवाओं की भागीदारी, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उद्योगों के विस्तार एवं प्रभावी नेतृत्व से संभव होता है। उन्होंने ग्वालियर को मध्य भारत का प्रमुख औद्योगिक, शैक्षणिक एवं नवाचार केंद्र बनाने की दिशा में सभी हितधारकों के संयुक्त प्रयासों पर बल दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एआईएमए वाईएलसी ग्वालियर चैप्टर के अध्यक्ष इंजीनियर मोहित वर्मा के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि 'विजन ग्वालियर 2035Ó केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि शहर के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का एक सामूहिक संकल्प है। उन्होंने कहा कि युवाओं, उद्योगों, शिक्षाविदों और नीति निर्माताओं को एक मंच पर लाकर ग्वालियर के लिए दीर्घकालिक विकास की रूपरेखा तैयार करना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे। विवेक प्रताप चौहान ने युवा और राजनीति: 2035 का नेतृत्व कौन करेगा? विषय पर बोलते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में युवाओं की राजनीतिक भागीदारी और नेतृत्व क्षमता देश और समाज की दिशा तय करेगी।
डॉ. मनोज पटवर्धन, प्रोफेसर ने 'शिक्षा 2035: भविष्य के नेतृत्व का निर्माणÓ विषय पर कहा कि तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार ही भविष्य के भारत की वास्तविक शक्ति होंगे। असीम गर्ग ब्रांच मैनेजर आईडीएफसी फर्स्ट बैक ने आर्थिक विकास, वित्तीय साक्षरता एवं डिजिटल बैंकिंग की भूमिका पर अपने विचार रखे तथा बताया कि वित्तीय समावेशन किसी भी शहर के सतत विकास का महत्वपूर्ण आधार है।
कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट अशोक शर्मा ने किया। उन्होंने सभी वक्ताओं के विचारों को प्रभावी ढंग से जोड़ते हुए कार्यक्रम को सार्थक दिशा प्रदान की। इस अवसर पर उद्योग, शिक्षा, बैंकिंग, सामाजिक संगठनों एवं युवा नेतृत्व से जुड़े अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की सफलता में ग्वालियर मैनेजमेंट एसोसिएशन के सचिव श्याम अग्रवाल की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में राजेश खन्ना ने सभी वक्ताओं के विचारों का सार प्रस्तुत करते हुए कहा कि ग्वालियर को वर्ष 2035 तक नई पहचान दिलाने के लिए उद्योग, शिक्षा, प्रशासन एवं युवाओं के बीच निरंतर संवाद और सहयोग आवश्यक है।
अंत में  एआईएमए वाईएलसी ग्वालियर चैप्टर के को-चेयरमैन आकाश शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, वक्ताओं, सहयोगी संस्थाओं, मीडिया प्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।