ठग ने साइबर फ्राड की राशि से 3.31 लाख के खरीदे सोने के सिक्के, ज्वेलर का अकाउंट सीज

Jun 13 2026

ग्वालियर। मुरार थाना क्षेत्र के सदर बाजार में एक सर्राफा व्यापारी साइबर अपराधियों की चालाकी का शिकार हो गया। एक शातिर ठग ने दुकान से दो तोले सोने के सिक्के खरीदे और उसका भुगतान आरटीजीएस (ऑनलाइन पेमेंट) के माध्यम से सीधे व्यापारी के खाते में कर दिया। लेकिन ट्विस्ट तब आया जब अगले ही दिन बैंक ने व्यापारी का खाता सीज (फ्रीज) कर दिया।
जांच में पता चला कि ठग ने भुगतान के लिए जिस राशि का इस्तेमाल किया था, वह किसी अन्य व्यक्ति से की गई साइबर ठगी का रुपया था। व्यापारी से 20 ग्राम सोने के सिक्के भी चले गए और अकाउंट में आए साढ़े तीन लाख रुपए ठगी के निकलने के कारण अकाउंट भी ‘सीज’ हो गया।  मुरार थाना पुलिस ने जीरो पर दर्ज ई-एफआईआर के बाद मुख्य मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। 
मुरार के रिसाला बाजार निवासी कुनाल जैन पुत्र त्रिलोकचन्द जैन सदर बाजार में एमएस ज्वेलर्स ‘भीकाराम त्रिलोकचन्द सर्राफ’ के नाम से ज्वेलरी शॉप चलाते हैं। कुनाल ने पुलिस को बताया कि विगत रात करीब 9:15 बजे एक ग्राहक उनकी दुकान पर आया था। उसने दुकान पर अपना नाम जय वर्मा निवासी प्रेम नगर फूलबाग बताया और अपना मोबाइल नंबर 8965983328 नोट कराया। युवक ने दुकान से 20 ग्राम वजन के सोने के दो सिक्के पसंद किए, जिनकी कीमत 3 लाख 31 हजार रुपए तय हुई। उसने यह सिक्के खरीदे और अपने नाम पर बिल बनवाया। 
आरोपी जय वर्मा ने नकद न होने की बात कहकर कुनाल जैन के ‘बैंक ऑफ इंडिया’ (शाखा मुरार) के चालू खाते में आरटीजीएस के माध्यम से 3.31 लाख ऑनलाइन ट्रांसफर कराकर सोने के सिक्कों का पेमेंट कर दिया। पेमेंट रिसीव के लिए कुनाल के मोबाइल पर जैसे ही बैंक से पैसे क्रेडिट होने का मैसेज आया और भुगतान सफल दिखा, उन्होंने सोने के सिक्के ग्राहक को सौंप दिए।
अभी तक सब कुछ ठीक चला था, लेकिन जब कुनाल ने अपने खाते से कोई अन्य ट्रांजेक्शन करने का प्रयास किया, तो उन्हें पता चला कि बैंक ने उनका खाता तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया है।
बैंक से हुआ खुलासा 
घबराए ज्वेलर कुनाल जैन जब बैंक पहुंचे और अधिकारियों से खाता सीज होने का कारण पूछा, तो बैंक प्रबंधन ने बताया कि जय वर्मा नाम के जिस व्यक्ति ने उनके खाते में 3.31 लाख ट्रांसफर किए थे, वह राशि किसी बड़े साइबर फ्रॉड (ऑनलाइन ठगी) से जुड़ी हुई है। किसी पीडि़त की शिकायत पर देश की साइबर सेल के निर्देश पर बैंक ने उस संदिग्ध राशि को होल्ड पर डालते हुए अकाउंट फ्रीज किया है। 
मामला समझ में आते ही पीडि़त सर्राफा व्यापारी ने तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। चूंकि मामला ऑनलाइन फ्रॉड का था, इसलिए प्राथमिक रूप से जीरो पर ई-एफआईआर दर्ज की गई, जिसे बाद में असल कायमी और जांच के लिए मुरार थाने ट्रांसफर किया गया। 
इस पर मुरार थाना प्रभारी मैना पटेल का कहना है कि पीडि़त सर्राफा कारोबारी कुनाल जैन की शिकायत पर आरोपी जय वर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। ठग के मोबाइल नंबर 8965983328 की कॉल डिटेल रिकॉर्ड के लिए साइबर सेल भेजा है। साथ ही पड़ाव के प्रेम नगर स्थित दिए गए पते का भी वेरिफाई कराया जा रहा है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।