इंडियन व्हीलचेयर प्रीमियर लीग’ में खिलाडिय़ों का चयन, धर्मवीर पाल संभालेंगे कप्तानी

Jun 13 2026

मुरैना/नई दिल्ली। दिल्ली के द्वारका में आगामी 14 जून से 22 जून 2026 तक आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित ‘इंडियन व्हीलचेयर प्रीमियर लीग’ में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के लिए मोरैना के खिलाडिय़ों ने अपनी जगह पक्की कर ली है।
इस टूर्नामेंट में मुरैना के धर्मवीर पाल को ‘मध्य प्रदेश मावेरिक्स’ टीम की कमान सौंपी गई है। टीम में मुरैना के ही अपनी अलग मध्य प्रदेश टीम में पहचान रखने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ी जंडेल सिंह धाकड़ और रिंकू कसाना का भी चयन हुआ है। यह टूर्नामेंट न केवल खेल भावना को बढ़ावा देगा, बल्कि दिव्यांग खिलाडिय़ों की प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा।
इस प्रतियोगिता में पूरे भारत से कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं। मध्य प्रदेश मावेरिक्स के कप्तान धर्मवीर पाल ने विश्वास जताया है कि उनकी टीम चंबल और मध्य प्रदेश का मान बढ़ाते हुए टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि खिलाडिय़ों का यह चयन मोरैना के खेल प्रेमियों के लिए गर्व का विषय है। टूर्नामेंट के दौरान देश भर के प्रशंसक इन खिलाडिय़ों के खेल और जज्बे को देख सकेंगे। मोरैना के खेल प्रेमियों और सामाजिक संगठनों ने टीम को आगामी मैचों के लिए अग्रिम शुभकामनाएँ दी हैं।