कांग्रेस के हस्ताक्षर अभियान को जनता का मिल रहा समर्थन

Jun 11 2026

ग्वालियर। उपभोक्ताओं के वहां स्मार्ट मीटर लगाने और मनमाना बिल जारी करने तथा बिजली कटौती के विरोध में कांग्रेस द्वारा शुरु किया गया हस्ताक्षर अभियान अब जोर पकड़ रहा है। इस अभियान को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है जिससे कांग्रेसी उत्साहित हैं। गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी 5 के विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ता टेबल लगाकर बैठे तो वहां हस्ताक्षर करने वालों की लाइन लग गई। बिजली कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं के घर पर स्मार्ट मीटर लगाने का कांग्रेस पहले से ही विरोध कर रही थी। जब बिल मनमाने तरीके से जारी होने लगे तो कांग्रेस ने जनता की भावनओं को समझते हुए इसके खिलाफ रणनीति तैयार की और हर विधानसभा में ब्लॉक अध्यक्षों की सहायता के लिए प्रभारी नियुक्त कर दिए। पूरी तैयारी करने के बाद कांग्रेस ने वार्डों में जगह-जगह अपने कार्यकर्ता बैठाए और हस्ताक्षर अभियान शुरु करवा दिया।
बिजली कटौती और मनमाने बिलों से तृस्त जनता को भी मौका मिला और वह कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में सहभागी बन गई। ब्लॉक अध्यक्ष मुनेन्द्र सिंह भदौरिया ने बताया कि पार्टी के अभियान को जनता का भरपूर समर्थन प्राप्त हो रहा है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन व मौके पर पहुंचने से कार्यकर्ता भी उत्साहित है और बिजली कंपनी के खिलाफ जो माहौल बनना था वह बन रहा है।