रमन शिक्षा समिति की अनूठी पहल, जागरूकता रथ बने आकर्षण का केंद्र

Jun 10 2026

ग्वालियर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर निगम ग्वालियर द्वारा आयोजित विभिन्न पर्यावरणीय कार्यक्रमों में सामाजिक संस्था रमन शिक्षा समिति ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। संस्था के स्वयंसेवकों ने प्रात:कालीन श्रमदान कार्यक्रम में भाग लेते हुए रामुआ डैम क्षेत्र में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण हेतु श्रमदान किया।
श्रमदान के पश्चात संस्था के स्वयंसेवक नगर निगम ग्वालियर द्वारा आयोजित विशाल पर्यावरण जागरूकता रैली में शामिल हुए। इस दौरान रमन शिक्षा समिति द्वारा तैयार किए गए दो विशेष पर्यावरण जागरूकता रथ (ई-व्हीकल) रैली का मुख्य आकर्षण रहे। आकर्षक संदेशों एवं जनजागरूकता सामग्री से सुसज्जित ये रथ लोगों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे थे।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर बल भवन में आयोजित समारोह में निगमायुक्त एवं अपर आयुक्त प्रतीक राव ने पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए रमन शिक्षा समिति के अध्यक्ष हरिओम गौतम को सम्मानित किया।
इस अवसर पर शहर के सौंदर्यीकरण एवं हरित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रमन शिक्षा समिति ने शहर की एक प्रमुख रोटरी को गोद लिया। रोटरी के विकास, सौंदर्यीकरण एवं हरितीकरण के लिए नगर निगम ग्वालियर एवं रमन शिक्षा समिति के मध्य एक एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए गए। संस्था द्वारा आगामी समय में इस रोटरी को आदर्श हरित स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। कार्यक्रम में रमन शिक्षा समिति के अध्यक्ष हरिओम गौतम, धर्मेंद्र दीक्षित, नगर निगम खेल विभाग की सहायक नोडल अधिकारी विजेता सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं नागरिक उपस्थित रहे।