स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में कांग्रेस हस्ताक्षर अभियान चलाएगी

Jun 08 2026

ग्वालियर। स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में कांग्रेस अब सडक़ पर उतरने जा रही है। विरोध की शुरुआत वार्ड स्तर से की जाएगी और हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा आगामी दिनों में रोशनीघर पर बिजली कंपनी के दफ्तर में विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस बात का निर्णय कांग्रेस कमेटी की आयोजित हुई बैठक में लिया गया।
बैठक में बिजली कंपनी द्वारा शहर की जनता पर जबरन थोपे जा रहे स्मार्ट मीटरों, लगातार बढ़ती बिजली समस्याओं तथा घोषित-अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता को राहत देने के बजाए उसे महंगी बिजली, अव्यवस्थित विद्युत आपूर्ति और स्मार्ट मीटर के नाम पर आर्थिक शोषण की सौगात दी है।
स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पूरी तरह जनभावनाओं के विपरीत है। बैठक में निर्णय लिया गया कि समस्त ब्लॉक कांग्रेस कमेटियां वार्ड स्तर पर व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाएगी। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर नागरिकों से संपर्क करेंगे, जबरन लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों, बिजली कटौती तथा अन्य विद्युत समस्याओं के खिलाफ हस्ताक्षर एकत्रित करेंगे और जनता की आवाज को मजबूती से शासन-प्रशासन तक पहुंचाएंगे।
साथ ही कांग्रेस आगामी दिनों में रोशनीघर पर विशाल विरोध प्रदर्शन में सभी मोर्चा संगठन, प्रकोष्ठ, ब्लॉक कांग्रेस कमेटियां एवं कांग्रेसजन सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। बैठक में शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव, इब्राहिम पठान, हरेन्द्र सिंह गुर्जर, संजीव दीक्षित, असरफ खान, सतेन्द्र नागर,कीर्ती पाठक, आदित्य सिंह सेंगर, मोनू भटनागर, शंकर गाबरा,  ओमवीर रजक, शुभम सिंह सिकवार, संजय माहौर, रूप सिंह राजावत, धर्मेन्द्र ठाकुर, नरेश विरथरे, डॉ. राजेन्द्र बाथम, राकेश बाथम आदि उपस्थित थे।