धरोहर कार्यक्रम में अग्रवंश परिणय संस्कार पुस्तिका का विमोचन किया

Jun 08 2026

ग्वालियर। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन द्वारा संस्कृति बैंक्वेट हॉल में समाज की सांस्कृतिक विरासत एवं पारंपरिक वैवाहिक संस्कारों को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से धरोहर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, महिलाएं, युवा एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर अग्रवाल समाज की समृद्ध परंपराओं को सजीव रूप में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राकेश अग्रवाल एवं महिला विंग अध्यक्ष ज्योति अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय कोयला मंत्री संतोष कुमार बरगोडिय़ा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्वालियर पूर्व विधायक सतीश सिकरवार, कोलकाता से पधारे राष्ट्रीय वरिष्ठ भाजपा नेता कमल बेरीवाल (अग्रवाल) तथा संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक रमेश चंद्र गर्ग उपस्थित रहे। 
धरोहर सांस्कृतिक कार्यक्रम के मंच पर जहां समाज की प्रतिभाओं का सम्मान किया गया, वहीं समाज में प्रचलित विवाह की रस्मों पर केंद्रित पुस्तिका अग्रवंश परिणय संस्कार का विमोचन भी किया गया। इसके बाद इन्हीं रस्मों और रीति रिवाजों को मंच पर नृत्य और स्क्रीन पर वृत्तचित्र के माध्यम से दिखाया गया।
इनमें विवाह संबंध तय होने की सबसे पहली रस्म रोका से लेकर वरवाई, देहरी आखत, खेत, लगुन, सात फेरे से लेकर विदाई और बाबू पूजा तक की रस्में शामिल थीं। इनके साथ ही इन रस्मों से जुड़े लोकगीत भी नृत्यों के साथ प्रस्तुत किए गए। कम होते जा रहे संयुक्त परिवारों के कारण नई पीढ़ी इन रीति-रिवाजों को भूलती जा रही है। वह इन्हें जान सके, इसी उद्देश्य से यह कार्यक्रम रखा गया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश अध्यक्ष डा. राकेश अग्रवाल कर रहे थे। महिला विंग की अध्यक्ष ज्योति अग्रवाल के संपादन में प्रकाशित पुस्तक में सहयोग गीता अग्रवाल, मीरा अग्रवाल का है। 
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष बारगोडिय़ा ने एक कविता उद्धत करते हुए नई पीढ़ी को संदेश देते हुए कहा कि आप आसमान को छूने उड़ान तो भरें लेकिन अपनी जमीन को न छोड़ें। उन्होंने कहा- समाज के रीति रिवाज, सांस्कृतिक परंपराओं को जाने, समझें और उन्हें आगे बढ़ाएं। अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल ने की। विशेष अतिथि विधायक डा. सतीश सिकरवार, कमल बेरीवाल और रमेश गर्ग थे। मंच पर अशोक गोयल, राजेश ऐरन सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
प्रतिभाओं का किया सम्मान
इस अवसर पर समाज की प्रतिभाओं के साथ उनके माता-पिता का भी सम्मान किया गया। इनमें आईएएस अधिकारी में चयनित माधव अग्रवाल, आईआईटी प्रवेश परीक्षा में देश में 11 वें स्थान पर रहे निकुंज अग्रवाल, यूपीएससी में चयनित आयुषी बंसल, सृष्टि गोयल सहित अन्य प्रतिभाएं शामिल थीं। आयोजन समिति के दिलीप अग्रवाल, अजय गोयल, मनोज अग्रवाल, श्याम बंसल, दिनेश बंसल, पुरुषोत्तम गोयल, संजय अग्रवा, सुनील गोयल, राकेश सिंघल सहित अन्य सदस्य शामिल थे।