पीटीएस तिघरा में ‘प्रकृति प्रहरी सम्मान’ से उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्व सम्मानित

Jun 02 2026

ग्वालियर। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पीटीएस तिघरा में मंगलवार को मंगल प्रकृति संजीवन प्रोजेक्ट के तहत ‘प्रकृति प्रहरी सम्मान’ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन, जैव-विविधता संरक्षण, जल संरक्षण, गौ-संरक्षण एवं सतत विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अतिथियों एवं वक्ताओं ने अधिकाधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के जन-अभियान से जुडऩे का आह्वान किया।
 कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रेल राजाबाबू सिंह, आईजी अरविंद कुमार सक्सेना, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वन मंडलाधिकारी अवधेश कुमार मीणा, पर्यावरणविद् अभिलाष खांडेकर, आदर्श गौशाला लाल टिपारा के संत स्वामी ऋषभ देवानंद हाराज तथा दाता बंदी छोड़ किला गुरुद्वारा के बाबा लक्खा सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
 इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन और भावी पीढिय़ों के सुरक्षित भविष्य का आधार भी हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। वृक्षारोपण को जनभागीदारी का अभियान बनाकर ही हम हरित, स्वच्छ और संतुलित पर्यावरण का निर्माण कर सकते हैं।
अभिलाष खांडेकर ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण मानव अस्तित्व की मूल आवश्यकता है। उन्होंने जैव-विविधता संरक्षण, जल संरक्षण और सतत विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। विशिष्ट अतिथि बाबा लक्खा सिंह ने प्रकृति को ईश्वर की अमूल्य धरोहर बताते हुए उसके संरक्षण को मानवता का सर्वोच्च दायित्व बताया।
 कार्यक्रम के माध्यम से प्रकृति संरक्षण, जल संवर्धन एवं पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए समाज की सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया गया। अंत में पीटीएस तिघरा के पुलिस अधीक्षक अखिलेश रेनवाल ने सभी अतिथियों, सम्मानित व्यक्तित्वों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन कु. मंत्रिता शर्मा ने किया। कार्यक्रम के बाद कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने पीटीएस तिघरा के मंगल प्रकृति संजीवन प्रोजेक्ट का अवलोकन भी किया।