बदला मौसम का मिजाज, मानसून के लिए करना होगा इंतजार

Jun 02 2026

ग्वालियर। ग्वालियर अंचल में मौसम का मिजाज बदल गया है। दिन में गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि रातें ठंडी और राहत भरी हैं। इस बार नौतपा का असर भी कम रहा और लू का प्रकोप भी सीमित रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, जून माह में भी मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेंगे और मानसून के लिए अभी इंतजार करना होगा। मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और प्री-मानसून गतिविधियों के लगातार सक्रिय रहने के कारण राजस्थान की गर्म हवाएं ग्वालियर तक प्रभावी रूप से नहीं पहुंच सकीं। यही वजह रही कि गर्मी के 92 दिनों के सीजन में लोगों को लू का सामना कम करना पड़ा। 
विशेषज्ञों का मानना है कि ग्वालियर-चंबल संभाग में अगले चार से पांच दिनों तक आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिलेगी। मानसून के आगमन के साथ अब मौसम का स्वरूप पूरी तरह बदलता दिखाई दे रहा है।