चेतकपुरी की महल रोड फिर धंसी,7 करोड़ रुपए से कराया था पुनर्निर्माण

Jun 01 2026

ग्वालियर। चेतकपुरी इलाके में सिंधिया महल रोड एक बार फिर धंस गई है। करोड़ों रुपए की लागत से कुछ माह पहले ही इसका पुनर्निर्माण कराया गया था, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यह वही सडक़ है जो पिछले कुछ वर्षों में कई बार धंस चुकी है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, कुछ महीने पहले भी इस मार्ग पर 10 से अधिक बार सडक़ धंसने की घटनाएं सामने आई थीं। लगातार शिकायतों के बाद भोपाल से विशेषज्ञों की टीम ने मौके का निरीक्षण किया था।
समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग 7 करोड़ रुपए की लागत से सडक़ का पुनर्निर्माण कराया गया था। इसके बावजूद, हालिया घटना ने एक बार फिर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवालिया निशान लगा दिया है।
प्रशासन ने बैरिकेडिंग की
सडक़ का एक बड़ा हिस्सा धंसकर सुरंगनुमा आकार ले चुका है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा पैदा हो गया है। घटना के बाद प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से प्रभावित हिस्से के आसपास बैरिकेडिंग कर दी है। स्थानीय निवासियों में इस घटना को लेकर भारी नाराजगी है। उनका आरोप है कि नगर निगम और निर्माण एजेंसियों की लापरवाही तथा भ्रष्टाचार के कारण बार-बार ऐसी घटनाएं हो रही हैं। उनका कहना है कि करोड़ों रुपए खर्च होने के बावजूद सडक़ की स्थिति में सुधार नहीं हुआ और पहली ही बारिश से पहले सडक़ का धंस जाना निर्माण की गुणवत्ता की पोल खोल रहा है।
क्षेत्रवासियों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि यह घटना रात के समय हुई होती तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था। अब यह सवाल उठ रहा है कि करोड़ों रुपये की लागत से बने इस प्रोजेक्ट की जांच होगी या नहीं और सडक़ निर्माण में हुई कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार ठेकेदार तथा अधिकारियों पर क्या कार्रवाई की जाती है।