दष्टौन समारोह में देवर ने की हर्ष फायरिंग, भाभी की मौत

Jun 01 2026

ग्वालियर। दष्टौन (छठी) समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग से पहले चली गोली से बच्चे की मां की मौत हो गई। घटना के बाद परिजन ने शव को डीप फ्रीजर में छिपाकर रात में अंतिम संस्कार की तैयारी कर ली थी, लेकिन इससे पहले खबर पुलिस तक पहुंच गई। थाटीपुर के नदीपार टाल स्थित तृप्ति नगर निवासी मनोज कुशवाह के बेटे का छठी कार्यक्रम था। घर में रिश्तेदार और मेहमान मौजूद थे। सुबह 10 से 11 बजे के बीच मनोज का छोटा भाई योगेश भतीजे के जन्म की खुशी में अवैध कट्टे से हर्ष फायरिंग की तैयारी कर रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, योगेश कट्टे को बार-बार लोड और अनलोड कर रहा था। उसी दौरान गलती से ट्रिगर दब गया और गोली पास बैठी बच्चे की मां जाह्नवी उर्फ ज्योति कुशवाह के सिर में जा लगी। गोली लगने के बाद ज्योति जमीन पर गिर पड़ी। परिजन उसे संभाल पाते, उससे पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस के मुताबिक घटना के बाद पति मनोज और देवर योगेश ने पुलिस को सूचना देने की बजाय मामला छिपाने की योजना बनाई। दोनों ने बड़ा डीप फ्रीजर मंगवाकर महिला के शव को उसमें रख दिया, ताकि शव खराब न हो और घटना की जानकारी बाहर न पहुंचे।
रात करीब 11 बजे दोनों आरोपी शव को गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे। आसपास के लोगों को बीमारी से मौत होने की जानकारी दी गई थी, ताकि किसी को शक न हो। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मोहल्ले के एक व्यक्ति को अचानक घर में डीप फ्रीजर बॉक्स मंगवाने और देर रात शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने की तैयारी पर संदेह हुआ। उसने फौरन थाटीपुर थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस की गाडिय़ों को देखकर आरोपी मनोज और योगेश फरार हो गए। पुलिस ने घर से शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अवैध कट्टे की तलाश कर रही है और जांच कर रही है कि हथियार कहां से लाया गया था।
पुलिस का कहना है कि मौत के बाद शव को छिपाकर बिना सूचना अंतिम संस्कार करने की कोशिश की गई, जो गंभीर अपराध है। मामले में पति मनोज कुशवाह और देवर योगेश कुशवाह के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। दोनों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।